पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने की जनसुनवाई व आमजन से मुलाकात

अशोक गहलोत
अशोक गहलोत

जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सर्किट हाउस में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए उचित आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से संपूर्ण निस्तारण किया जाएगा। गहलोत ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना। उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना उनकी प्राथमिकता है। दौरे के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सदैव जनता की सेवा और कल्याण रहा है। सार्वजनिक व्यस्तताओं के बावजूद गहलोत बड़े ही सहज और हंसमुख अंदाज़ में लोगों से मिले, जिससे आमजन में विशेष उत्साह देखा गया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 28 जून तक जोधपुर के दौरे पर रहेंगे। यहां वे कई स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 26 जून को बासनी सेकेंड फेस स्थित जगशांति ऑडिटोरियम में मरुधरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की 42वीं नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। शुक्रवार सुबह 11.30 बजे वे बिरड़ावास में बाबा रामदेव मंदिर के मुख्य द्वार की ध्वजा स्थापना करेंगे। शाम चार बजे नगर निगम वार्ड 62 के शिव शक्ति नगर गली नंबर छह में सामुदायिक हॉल का लोकार्पण करेंगे। इसी तरह शनिवार को सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली संविधान बचाओ रैली में भाग लेंगे।