पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गोवर्धन में अपना जन्मदिन मनाएगी

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 8 मार्च को भरतपुर आएंगीं। वे गोवर्धन में अपना जन्मदिन मनाने आ रही हैं। उनके गिरिराज जी के दर्शन धार्मिक कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा राजनीतिक है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिए पूर्वी राजस्थान से प्रदेश की राजनीति में फिर से सक्रिय होने का आगाज करेंगी। इसलिए राजे समर्थक नेता सक्रिय हो गए हैं।

बुधवार को पूर्व पर्यटन मंत्री कृष्णेंद्र कौर, पूर्व विधायक अनीता सिंह, पूर्व सांसद बहादुर सिंह कोली सहित राजे समर्थक कई नेता शामिल हुए, लेकिन मीटिंग में पूर्व विधायक विजय बंसल सहित बयाना के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य ऋषि बंसल और कुम्हेर के पूर्व विधायक मनोज सिंह की उपस्थिति चौंकाने वाली थी।

पूर्व विधायक विजय बंसल को पार्टी ने नगर निगम में हार के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर कर दिया था। उन्हें राजे समर्थक माना जाता है। जिस समय बंसल के खिलाफ कार्रवाई हुई उस समय राजे के राजनीतिक गतिविधि सुप्त अवस्था में थी।

इसलिए पूर्व विधायक बंसल का बचाव नहीं हो पाया और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता देखना पड़ा, लेकिन राजे की पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद राजे समर्थकों में उत्साह और उम्मीद की वैक्सीन लग गई है।

यह भी पढ़ें-राजस्थान बजट : कोरोना से प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद, ब्याज मुक्त लोन देने की भी घोषणा