पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कहा राजस्थान में कहां है सरकार

जयपुर
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने प्रदेश में गहलोत सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर कहा है कि राजस्थान में सरकार है ही कहाँ? राजस्थान में सरकार होती तो प्रदेश में क़ानून व्यवस्था का राज होता और हमारी बच्चियाँ सुरक्षित होती। महिला सशक्तीकरण की पर्याय भामाशाह योजना बंद नहीं होती। महिलाओं के हाथ में स्मार्टफ़ोन उपलब्ध कराने वाली भामाशाह डिजिटल योजना ख़त्म नहीं होती। गऱीबों की लाइफ़ लाइन भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना पर ताले नहीं लगते। राजे ने कहा की राजस्थान में सरकार होती तो सूखे प्रदेश को सरसब्ज करने वाली हमारे समय की मुख्य मंत्री जलस्वावलंबन योजना पर रोक नहीं लगती। नोजवानो को बेरोजग़ारी का सामना नहीं करना पड़ता। मज़दूरों को मज़दूरी के लिए तरसना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार होती तो लोगों पर टोल टेक्स का भार नहीं पड़ता।सड़कों सहित सभी निर्माण कार्य बंद नहीं होते। विकास का पहिया नहीं थमता। पेट्रोल-डीज़ल पर से जो टेक्स हमने हटाया था वो दुगने रूप में नहीं लगता। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में सरकार होती तो मोदी जी की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रदेश के सब किसानो को मिलता।वादे के अनुसार सम्पूर्ण किसानो का सम्पूर्ण कर्ज़ा माफ़ होता। केंद्र की आयुष्मान भारत योजना लागू करने में राजनीति नहीं होती। उन्होंने कहा कि सरकार वो है जो जनता को राहत दे। राजस्थान में सरकार होती तो आमजन आहत नहीं होता।