एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की बिगड़ी तबीयत, मेदांता अस्पताल में हुए भर्ती

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (74) की तबीयत बिगडऩे पर बुधवार को उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोविड टेस्ट कराया गया है।

हालांकि उनकी पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। जांच में हल्का इंफेक्शन पाया गया है। इसके चलते फिर से कोविड टेस्ट कराया जाएगा।

कमलनाथ के करीबियों ने बताया दो-तीन दिन से सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत के बाद रूटीन चेकअप के लिए वे मेदांता गए थे। डॉक्टर्स की पैनल ने ऐहतियात के तौर पर उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद वे भर्ती हो गए। मेदांता के सीनियर डॉक्टर्स उनकी देखभाल कर रहे हैं।

कमलनाथ की तबीयत बिगडऩे की सूचना मिलने के बाद उनके बेटे और सांसद नकुल नाथ दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। वे शाम तक दिल्ली पहुंच जाएंगे।

कमलनाथ का 8 जून से संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा का तीन दिवसीय दौरा था। लेकिन अचानक व्यस्तताएं बताकर दौरा टाल दिया गया था। इसे भी स्वास्थ्य कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें-किसानों ने केन्द्र सरकार से सभी किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी वाला कानून तत्काल लागू करने की मांग की