पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह

अलवर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी एवं केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी बनी इस सरकार ने देश ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बडा महाघोटाला इलैक्ट्रोल बॉन्ड के नाम पर कर राजनीति की पराकाष्ठा की सारी हदें पार कर दी हैं।

उन्होंने कहा कि ना खाउंगा न खाने दुंगा का ढिंढोरा पीटने वाले इलैक्ट्रोल बॉन्ड के नाम पर देश के इतिहास में सरकारी एजेंसियो का दुरूपयोग कर डरा धमकाकर देश की जनता का खून पसीने से सिंचित किया हुआ धन खुद ही डकार गए।उन्होनें कहा कि एक प्रकरण में तो भारतीय जनता पार्टी को दिए गए चंदे ने अब तक के हुए घोटालों के सारे रिकार्ड ही तोड़ दिए।

सूचना के अनुसार एक पांच सौ करोड़ की कंपनी ने अपनी हैसियत से ज्यादा ही नहीं बल्कि दुगुने से भी अधिक बारह सौ करोड़ रूपये का चंदा भाजपा को दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से अब तक सरकारी ऐजेंसियों की एक एजेंडे के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को पनपाने के लिए इलैक्ट्राल बॉन्ड जैसी उर्वरा जमीन की तलाश की गई है।सिंह अलवर लोकसभा प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होनें देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट का इलैक्ट्राल बॉन्ड के नाम पर धन हडपनें जैसे भंडाफोड फैसले का स्वागत करते हुए एससी का आभार जताया है। उन्होने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने देश की जनता के साथ न्याय कर भाजपा का असली चेहरा सबके सामने ला दिया है। उन्होनें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और शीर्ष नेताओं का आभार जताते हुए कहा की अलवर लोक सभा क्षेत्र से युवा नेता युवाओं और किसानों के संघर्ष की लडाई लडने वाले स्थानीय ललित यादव को बाहरी एवं भाजपा के प्रत्याशी भुपेंद्र यादव के सामने मैदान में उतारा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के सामने ऐसा प्रत्याशी लड़ रहा है जिसे अलवर लोकसभा क्षेत्र की जानकारी ही नहीं है, क्षेत्र में जीपीएस और गुगल मैप की सहायता से भाजपा प्रत्याशी अपनी जमीन तलाश कर रहें है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसा प्रत्याशी उतारा है जिससे भाजपा के नेता ही बात करने में संकोच कर रहे तो आमजन अपनी समस्या उन तक क्या खाक पहुंचा पायेगें। उन्होने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने अलवर लोकसभा क्षेत्र को चारागाह समझ लिया है। कभी हरियाणा से तो कभी अजमेर से कैंडिडेट लाकर अलवर की जनता को मुर्ख बनाने के लिए मैदान में उतार कर ओछी राजनीति कर रहें है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी एवं केंद्र की मोदी सरकार की गारंटीयों पर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छे दिन जिसे आज तक पूरा देश ढूंढ रहा है,काला धन वापस लाने का वादा जो अब विदेशों में दुगुना हो गया है, 2 करोड़ युवाओं को रोजगार पहली बार आजादी के बाद के इतिहास में बेरोजगारी अपने चरम पर है।

किसानों से चुनावी वादा एमएसपी गारंटी देने का किया लेकिन किसानों को तीन काले कानून के तले आत्महत्या करने पर मजबूर किया गया, आज भी देश का अन्नदाता सड़कों पर अपने हकों की लड़ाई लड़ रहा है, बहुत हुई महंगाई की मार केवल जुमला बनकर रह गई पिछले 10 वर्षों में देश में पेट्रोल, सिलेंडर, खाद्य सामग्री के मूल्यो में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा का दंभ भरने वाली भारतीय जनता पार्टी की इस सरकार के शासनकाल में भाजपा शासित प्रदेशों में महिला अत्याचार के मामलों में टॉप फाइव रैंकिंग है वही हंगर इंडेक्स की रैंकिंग भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर के बनाए गए संविधान को कमजोर करने की साजिश की जा रही है।भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद ने तो राजनीति की सारी हदें पार कर यह बयान तक दे डाला कि अबकी बार 400 पार सीटे लाकर संविधान बदलना है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक एवं मंत्री कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत हुए कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास कर वाह वाही लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अथक प्रयासों से ईएसआईसी हॉस्पिटल की नींव रखी गई जिसे राज बदलते ही भाजपा की सरकार एक मंत्री ने बेतुका बयान देकर रोक लगवा दी इस अस्पताल का निर्माण गलत स्थान पर किया गया है जिसकी जांच की जा रही है।

फिर किस मुंह से अब यह इसी अस्पताल का फीता काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि लोकसभा प्रत्याशी एवं केंद्र में मंत्री अलवर लोकसभा क्षेत्र में 110 कार्य गिनाकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं जबकि इतने काम तो एक सरपंच ही कर देता है।

उन्होंने कहा कि अलवर सहित राजस्थान के लिए संजीवनी बनी पेयजल आपूर्ति के लिए ईआरसीपी पर मोदी जी दो बार घोषणा करके गए लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बार-बार पत्र लिखने के बाद भी केंद्र सरकार की नींद नहीं खुली और राजस्थान प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इस काम को पूरा करने का बीड़ा उठाया तब जाकर कहीं नवनैरा और ईसरदा बांध में काम शुरू हो सका।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जिस ईआईसीपी योजना का हवाई दौरा कर रहे हैं वह कांग्रेस की ही देन है इतना ही नहीं इतनी बड़ी परियोजना का एमओयू अभी तक जनता के सामने नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में अलवर की जनता को पिछले 10 साल से धोखा और अपमान के सिवाय कुछ हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोल बॉन्ड के नाम पर देश की जनता के साथ छलावा किया गया।

रामगढ़ विधायक जुबेर खान ने कहा कि अबकी बार 400 पार का नारा देने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार राजस्थान में तो धराशाई होने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि माहौल को भ्रमित करना इनके एजेंडे में शामिल है जो कि अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि केवल बयानवीर के बयानों पर गारंटी नहीं दी जा सकती जो अपनी पत्नी की गारंटी नहीं ले सकता वह जनता की गारंटी क्या निभाएगा।

अलवर लोकसभा प्रत्याशी ललित यादव ने कहा कि अबकी बार का लोकसभा चुनाव बिल्कुल अलग स्थिति का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस बार 36 कौम उनके साथ है और स्थानीय तथा बाहरी का मुद्दा हावी है। जनमानस के पटल पर पिछले 10 वर्षों से किया जा रहे हैं भारतीय जनता पार्टी के शोषण की तस्वीर छप चुकी है।

उन्होंने कहा कि अलवर जिले की जनता उन्हें आशीर्वाद देकर हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पंचायत में भेजने के लिए जुट गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के समय में किए गए विकास कार्यों के बाद अलवर में विकास कार्यों की गति का पहिया थम गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल चुनाव तक आपके पास है बाद में दिल्ली में ही इनके दर्शन होंगे।

कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भारतीय जनता पार्टी को जमकर कोसा। उन्होंने अलवर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव को भारी मतों से जिताने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर विधायक दीपचंद खेरिया, कांति मीणा, मांगीलाल मीणा, अजीत यादव, अजय अग्रवाल, संजय यादव, इमरान खान, गफूर खान, बलराम यादव, रोहताश चौधरी ,अनिल जैन, साजिद खान, जेडी आर्यन उपस्थित रहे।