
क्या कभी आपके साथ ऐसा होता है कि भोजन करने के तुरंत बाद आपको शौच के लिए दौडऩा पड़ता है? यह स्थिति कई लोगों के लिए शर्मिंदगी और परेशानी का कारण बन सकती है। अक्सर लोग इसे सामान्य मानकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन यह पाचन तंत्र से जुड़ी किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकता है। यह सिर्फ एक प्राकृतिक शारीरिक प्रतिक्रिया से बढक़र कुछ और भी हो सकता है, जिस पर ध्यान देना ज़रूरी है।
क्या है गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स?

सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि खाने के बाद शौच जाने की इच्छा होना हमेशा असामान्य नहीं होता। इसे गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स कहते हैं। यह एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया है, जिसमें भोजन पेट में पहुँचते ही पेट आंतों (विशेषकर बड़ी आंत) को खाली करने का संकेत भेजता है। यह प्रक्रिया पाचन तंत्र को सुचारु रूप से चलाने में मदद करती है, ताकि नए भोजन के लिए जगह बन सके। बच्चों में यह रिफ्लेक्स अक्सर बहुत तेज होता है।
कब बन जाती है यह समस्या?
खाने के तुरंत बाद टॉयलेट जाने की जरूरत गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स के कारण होती है, जो एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया है। लेकिन यह समस्या तब गंभीर हो जाती है, जब यह रिफ्लेक्स अत्यधिक तीव्र हो या इसके साथ अन्य लक्षण दिखाई दें। इनमें गंभीर पेट दर्द या ऐंठन, बार-बार दस्त होना, वजन कम होना, मल में खून आना, और पेट में लगातार सूजन या गैस शामिल हैं। यदि आपको नियमित रूप से भोजन के तुरंत बाद शौच जाना पड़ता है और यह आपके सामान्य जीवन को प्रभावित कर रहा है, तो इसके पीछे कुछ अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थितियां हो सकती हैं।
इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (आईबीएस)
यह एक सामान्य गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल विकार है जो गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स को बढ़ा सकता है। आईबीएस में पेट दर्द, ऐंठन, सूजन, कब्ज या दस्त जैसे लक्षण दिख सकते हैं, जो अक्सर भोजन के बाद बढ़ जाते हैं। यह तनाव और कुछ खास खाद्य पदार्थों से ट्रिगर हो सकता है।
इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज (आईबीडी)
पाचन तंत्र में आंतों की सूजन का एक समूह है जिसमें क्रोहन रोग और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसे विकारों में शामिल हैं। आईबीडी आंत में दीर्घकालिक सूजन पैदा करता है, जिसके कारण भोजन के तुरंत बाद दस्त और पेट में दर्द हो सकता है।
यह भी पढ़ेंं : राजस्थान वाहिनी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना