दुनिया में बढ़ता कोरोना वायरस का ग्राफ, अब तक 1.92 करोड़ केस

वैज्ञानिकों ने कहा-बीसीजी वैक्सीन कोविड-19 के खिलाफ कारगर, अभी टीबी की रोकथाम के लिए दी जाती है

वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक 1 करोड़ 92 लाख 53 हजार 712 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 23 लाख 55 हजार 169 मरीज ठीक हो चुके हैं। 7 लाख 17 हजार 644 की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन के शोधकर्ताओं ने कहा है कि बीसीजी वैक्सीन का कोरोनावायरस के खिलाफ सकारात्मक असर देखा गया है। यह वैक्सीन हमारे इम्यून सिस्टम को तेज करती है। बीसीजी टीबी की रोकथाम के लिए दी जाने वाली वैक्सीन है। इस अध्ययन को सेल रिपोर्ट मेडिसिन जर्नल में पब्लिश किया गया है।

डब्ल्यूएचओ ने कहा- उम्मीद है कि अमेरिका फैसला वापस लेगा

वल्र्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) के डाइरेक्टर जनरल टेड्रोस ग्रेब्रेयेसस ने कहा है कि कोरोना महामारी को बंटी हुई दुनिया में नहीं हराया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई की अमेरिका डब्ल्यूएचओ का फिर हिस्सा बनेगा। उन्होंने कहा कि अभी साथ में काम करने का समय है। हमें वायरस पर फोकस करना है। ट्रम्प ने डब्ल्यूएचओ पर चीन के साथ मिलीभगत कर वायरस को लेकर समय पर जानकारी न देने का आरोप लगाया था। इसके बाद अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ से अलग होने की घोषणा कर दी थी।

अमेरिका – यात्रा प्रतिबंध हटाए गए

विदेश विभाग ने गुरुवार रात बयान जारी कर यात्रा प्रतिबंध लेवल-4 हटाने का ऐलान किया। अमेरिका में लेवल-4 सबसे बड़ी ट्रैवल एडवाइजरी मानी जाती है। बयान में कहा गया- कुछ देशों में हालात सुधर रहे हैं, जबकि कुछ में अब भी इस मामले में सुधार की जरूरत है। लिहाजा, हम पहले की तरह यात्रा करने की सलाह दे रहे हैं। लेकिन, एडवाइजरी में दिए गए नियमों का पालन करना होगा।

ब्राजील – बढ़ता संकट

यहां गुरुवार को 1237 और लोगों की मौत हुई। मरने वालों का आंकड़ा 98 हजार 644 हो गया। इसी दौरान 53 हजार 139 लोग संक्रमित पाए गए। अब संक्रमितों का आंकड़ा 29 लाख 17 हजार से ज्यादा हो गया है। ब्राजील की हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि स्लम एरिया में रहने वाले लोगों ने कई मामलों में लापरवाही बरती। यही वजह है कि इन इलाकों में संक्रमण तेजी से बढ़ा। सरकार यहां नए और सख्त नियम लागू कर सकती है।

चीन – 10 नए मामले

हेल्थ मिनिस्ट्री ने गुरुवार रात जारी बयान में बताया कि देश में 10 नए संक्रमित सामने आए हैं। बयान के मुताबिक, सभी संक्रमित दूसरे देशों से चीन आए थे। बयान में कहा गया- चीन की हेल्थ मिनिस्ट्री दूसरे देशों से आने वाले लोगों के संक्रमण को लेकर सतर्क है। हम ऐसे सभी उपाय कर रहे हैं जिससे इस तरह के लोगों का संपर्क बाहरी दुनिया से न हो। स्वस्थ होने के बाद इन्हें एक सर्टिफिकेट जारी किया जा सकता है।

जर्मनी – एंट्वर्प में बढ़ रहे हैं मामले

जर्मनी ने एंट्वर्प राज्य को क्वारैंटाइन लिस्ट में शामिल किया है। इस राज्य में संक्रमण के मामले तेजी से बड़े हैं। अब यहां आने वालों को अपनी निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन में भेज दिया जाएगा। यहां अब तक 2 लाख 14 हजार 404 मामले सामने आए हैं और 9 हजार 245 लोगों की मौत हुई है। 1 लाख 94 हजार 700 लोग ठीक भी हुए हैं।