सीडीएस रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह का निधन

7 दिन से लड़ रहे थे जिंदगी की जंग

सीडीएस जनरल रावत के साथ हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए गु्रप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार को निधन हो गया। इंडियन एयरफोर्स ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। एयरफोर्स ने कहा कि गु्रप कैप्टन वरुण ने गंभीर चोटों के वजह से दम तोड़ दिया।

तमिलनाडु के कुन्नूर में 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर हादसे में घायल होने के बाद पहले उन्हें वेलिंगटन के आर्मी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया गया था। वे पिछले 7 दिन से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे।

गैलेंट्री अवॉर्ड विनर गु्रप कैप्टन वरुण सिंह सैन्य परिवार से आते हैं। उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी वरुण सिंह का परिवार तीनों सेनाओं से जुड़ा है- जल, थल और नभ। गु्रप कैप्टन वरुण सिंह इंडियन एयरफोर्स से हैं। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल केपी सिंह आर्मी एयर डिफेंस रेजिमेंट में थे। कर्नल केपी सिंह के दूसरे बेटे और गु्रप कैप्टन वरुण सिंह के छोटे भाई लेफ्टिनेंट कमांडर तनुज सिंह इंडियन नेवी में हैं।

वरुण का परिवार इन दिनों भोपाल में रहता है। वरुण सिंह को इसी साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। उन्हें यह अवॉर्ड फ्लाइंग कंट्रोल सिस्टम खराब होने के बाद भी 10 हजार फीट की ऊंचाई से तेजस विमान की सफल लैंडिंग कराने पर दिया था। वरुण ने आपदा के समय धैर्य नहीं खोया और आबादी से दूर ले जाकर विमान की सफल लैंडिंग कराई थी।

यह भी पढ़ें-सुप्रीम कोर्ट ने चारधाम रोड प्रोजेक्ट के तहत दो लेन की सड़क बनाने को मंजूरी दी