पिछले साल नंवबर की तुलना में 1 प्रतिशत की गिरावट
अरुणाचल में सबसे ज्यादा 23 प्रतिशत गिरा, 3 बढ़ोतरी के साथ पंजाब शीर्ष पर
जयपुर। नवंबर 2024 में देश में रिकॉर्ड ग्रोथ के बावजूद प्रदेश में जीएसटी कलेक्शन ग्रोथ माइनस में चली गई है। नवंबर 2023 में राजस्थान का जीएसटी कलेक्शन 4,682 करोड़ रुपए रहा था, वहीं नवंबर 2024 में जीएसटी कलेक्शन 4,622 करोड़ रुपए रहा। इस तरह राज्य के जीएसटी संग्रहण में 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। देशभर में 5 राज्य ऐसे हैं जिनके जीएसटी कलेक्शन में माइनस ग्रोथ देखी गई है।
अरुणाचल को जोरदार झटका
इनमें सबसे ज्यादा अरुणाचल प्रदेश के जीएसटी संग्रहण में 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। उसका जीएसटी संग्रहण नवंबर 2023 के 92 करोड़ के मुकाबले नवंबर 2024 में 71 करोड़ रहा। नागालैंड का जीएसटी संग्रहण नवंबर 2023 के 67 करोड़ के मुकाबले नवंबर 2024 में 52 करोड़ रहा। उसके जीएसटी संग्रहण में 22 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। अन्य केंद्र शासित प्रदेश की भी जीएसटी कलेक्शन में 22 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। आंध्र प्रदेश का जीएसटी संग्रहण नवंबर 2023 के 4093 करोड़ के मुकाबले नवंबर 2024 में 3699 करोड़ रहा। यह गिरावट 10 प्रतिशत की है। मेघालय में नवंबर 2023 के 163 करोड़ के मुकाबले नवंबर 2024 में 144 करोड़ जीएसटी संग्रहण रहा और उसकी जीएसटी संग्रहण की गिरावट 12 प्रतिशत रही।
राजस्थान के साथ सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही एक प्रतिशत गिरावट देखी गई छत्तीसगढ़ में नवंबर 2023 के 2936 करोड़ के मुकाबले 2897 करोड़ का जीएसटी संग्रहण हुआ। दूसरी ओर देश का जीएसटी कलेक्शन पिछले माह की तुलना में 8.5 प्रतिशत बढ़ा है। इसमें कुल जीएसटी कलेक्शन 1 लाख 82 हजार करोड़ का रहा। इसमें सेंट्रल जीएसटी 34,14,1 करोड़, स्टेट जीएसटी 43047 करोड़, आईजीएसटी 91828 करोड़ और सेस 13253 करोड़ रुपए रहा। वहीं इसी 1 साल के दौरान लक्षद्वीप का जीएसटी संग्रहण 0 से 5 करोड़ तक पहुंचा है और यह प्रतिशत के हिसाब से देशभर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है।
पंजाब को मिली बढ़त
इसी एक वर्ष के दौरान पंजाब तीन प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 2265 करोड़ के मुकाबले 2327 करोड़ का जीएसटी संग्रहण कर चुका है जो कि राजस्थान से बेहतर प्रदर्शन बताता है। राजस्थान के लिए चिंताजनक स्थिति यह भी है कि उसका कर्ज 50000 करोड़ के आसपास अनुमानित है।