हिमाचल विस उपचुनाव: कांग्रेस के 6 बागियों को भाजपा ने दिया टिकट

भारतीय जनता पार्टी
भारतीय जनता पार्टी

लोकसभा चुनाव के साथ ही होगा मतदान

शिमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिमाचल प्रदेश में छह विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर लोकसभा चुनाव के सातवें चरण यानी एक जून को मतदान होना है। भाजपा ने कांग्रेस के सभी बागियों को टिकट दिए हैं। धर्मशाला विधानसभा सीट से सुधीर शर्मा, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देविंद्र कुमार भुट्टों को प्रत्याशी बनाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी
भारतीय जनता पार्टी

 

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान इन सभी छह कांगे्रस विधायकों ने बगावत कर भाजपा उम्मीदवार को अपना वोट दियाथा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इन्हे व्हिप का उल्लंघन करने के आरोप में अयोग्य घोषित कर दिया था। इन बागी विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने बीते शनिवार नई दिल्ली में भाजपा का दामन थामा था। अभी निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष की ओर से मंजूर नहीं किए गए हैं। ऐसे में इनकी सीटों पर उपचुनाव के कार्यक्रम की स्थिति बाद में स्पष्ट होगी।

यह रहेगा चुनाव का कार्यक्रम

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटों के लिए अंतिम एवं सातवें चरण में 1 जून को मतदान होगा। इसी दिन छह विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव भी करवाया जाएगा। ये छह विधानसभा क्षेत्र वही हैं, जहां से कांग्रेस ने छह बागी विधायकों को अयोग्य घोषित किया है। 4 जून को नतीजे घोषित हो जाएंगे। प्रदेश में 7 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 14 मई तय की गई है। नामांकन पत्रों की छंटनी 15 मई को होगी। 17 मई को नाम वापस लिए जा सकेंगे। छह विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए भी यही प्रक्रिया रहेगी।

यह भी पढ़े: मां को टिकट, बेटा बेटिकट