भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय में हिंदी कार्यशाला

भारतीय स्टेट बैंक प्रधान कार्यालय
भारतीय स्टेट बैंक प्रधान कार्यालय

जयपुर। भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय जयपुर में 14 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान कई हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 21 सितंबर को भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय, जयपुर में हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में बैंक के महाप्रबंधक (नेटवर्क-3) चन्द्रभूषण कुमार सिंह ने स्टाफ सदस्यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें अपने दैनिक कार्यालयी कार्य अधिक से अधिक हिंदी में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति भाषा के बिना गूंगा है उसी प्रकार राष्ट्र भी राष्ट्रभाषा के बिना गूंगा है। भाषा से देश को पहचान मिलती है तो हमें भी सम्मान मिलता है हमें हिंदी को दिल से अपनाना होगा। यह हमारी भावनाओं का साज है। हिंदी प्रचीनतम भाषा है, सरल है, सहज है और सबसे प्रभावी है। जहॉं अंग्रेजी में कई वर्ण लोप होते हैं और उनका कोई अर्थ नहीं होता है वहीं हिंदी की बिंदी भी बोलती है। विश्व स्तर पर देखें तो हिंदी विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह हमारे लिए केवल भाषा ही नहीं है बल्कि हमारा सम्मान है, देश का मान है और हमारा गौरव है।

उन्होंने कहा, भाषा एक संदेश को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हिंदी को अपने बातचीत और कार्य व्यवहार में अधिक से अधिक अपनाएं और अपने सहयोगियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करें। यदि हम राजभाषा हिंदी में कार्य करते हैं और इसके लिए अपने साथियों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करते हैं तो यह देश हित में हमारा छोटा सा योगदान होगा। हमें हिंदी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं का भी प्रचार-प्रसार करना चाहिए ताकि उनका भी विकास हो सके। स्थानीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं में प्रचलित शब्दों का अधिक से अधिक प्रयोग हमें अपने दैनिक कार्यों एवं पत्राचार में करना चाहिए। इससे हिंदी भाषा का शब्द भंडार अधिक समृद्ध होगा। कार्यशाला में मंडल विकास अधिकारी कल्याण गजवेल्लि ने महाप्रबंधक एवं सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) प्रदीप कुमार ने किया।

यह भी पढ़ें : खाली पेट धनिये का पानी पीने से मिलेंगे गजब के फायदे