
नई दिल्ली। अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान तौकते के संभावित खतरों से निपटने को लेकर रविवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र एवं गोवा के मुख्यमंत्रियों और केंद्रशासित प्रदेश ‘दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली’ के प्रशासक के साथ ऑनलाइन बैठक कर पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।
कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी सभी तटीय राज्यों के मुख्य सचिवों, संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और एजेंसियों के लगातार संपर्क में हैं। गृह मंत्रालय स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है और राज्य सरकारों एवं संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में है।
अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान तौकते विकराल होकर गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। यह गुजरात के साथ ही केंद्रशासित प्रदेश ‘दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली’ में भी कहर बरपा सकता है। तूफान के चलते महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में भारी बारिश की आशंका है, जबकि केरल और तमिलनाडु में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। कर्नाटक के तटीय इलाकों से लेकर गोवा तक बारिश और तेज हवाओं से बड़े नुकसान की खबर है। कर्नाटक में वर्षाजनित हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है।