सरकार बनने पर पचास फीसदी रोजगार महिलाओं को मिलेगा: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कुल्लू में किया वादा

कुल्लू । कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस सरकार बनने पर हर गरीब परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला के खाते में 8500 रुपए डलवाए जाएंगे। यह राशि हिमाचल सरकार की ओर से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी। इसके अलावा पचास फीसदी रोजगार महिलाओं को दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बुधवार को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। प्रियंका गांधी ने मंच से भाजपा उम्मीदवार विक्रमादित्य के पक्ष में वोट करने की अपील की। गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 50 प्रतिशत रोजगार महिलाओं को दिया जाएगा। इसके अलावा आशा वर्कर, मिडडे मील और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना किया जाएगा, किसानों की खेती में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरणों से जीएसटी समाप्त किया जाएगा।

न्यूनतम समर्थन मूल्य आपका कानूनी अधिकार

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की संपति कुछ खरबपतियों की जेब में न जाकर आम जनता की जेब में जाए, इसके लिए कांग्रेस सरकार कार्य करेगी। गांधी ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य आपका कानूनी अधिकार है, इस पर कानून बनाया जाएगा। बारिश और ओले पड़ने से फसल का नुकसान होता है। इस पर भी कानून बनाया जाएगा। एक माह के भीतर नुकसान की रकम पीड़ित तक पहुंचेगी, इसके लिए भी कानून बनाया जाएगा।

मजदूरों का शोषण रोकने को कानून बनाएंगे

प्रियंका गांधी ने कहा कि मजदूरों का बहुत शोषण हो रहा है। इसे रोकने के लिए कानून बनाया जाएगा, इससे दिहाड़ी मजदूरों को चार सौ से कम मजदूरी नही दी जा सकेगी। मनरेगा कांग्रेस लाई थी ताकि आप मजबूत बनें और गांव में ही मजदूरों को एक सौ दिन का रोजगार मिले। अब शहरों में भी 100 दिन का रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा आई तो मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री आपको राहत जुटाने में जुट गए। केंद्र सरकार से इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए कहा गया लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार ने इस पर भी राजनीति की। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं की।

प्रियंका गांधी की सभा में उमड़े लोग।
प्रियंका गांधी की सभा में उमड़े लोग।

भाजपा ने राज्य सरकार को गिराने का प्रयास किया: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने भाजपा पर प्रदेश में धनबल के बल पर सरकार को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायकों को खरीद कर, उन्हें डरा धमका कर राज्य की सरकार को गिराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सभ्य राजनीति है, जहां मुसीबत में आप के साथ खड़े रहते हैं। दूसरी तरफ एक असभ्य राजनीति करने वाले, जो झूठी बातें करके जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट आपका हथियार है, इसे आपको संविधान ने दिया है। समय आ गया है कि आप खड़े हो जाएं और देश को सही दिशा दिखाएं। आप हिमाचल प्रदेश का भविष्य नहीं, देश का भविष्य तय करेंगे। हमारी नीतियां आपको मजबूत करने वाली नीतियां हैं।

यह भी पढ़ें:सूर्य का रौद्र रूप: दिल्ली देश में सबसे गर्म, तापमान 52.3 डिग्री पहुंचा