नारीशक्ति का विकास होगा तो देश-प्रदेश आगे बढ़ेगा: भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को साफा पहनाकर सम्मानित करतीं महिलाएं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को साफा पहनाकर सम्मानित करतीं महिलाएं।

नारीशक्ति ने किया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सम्मान, तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती में महिलाओं का आरक्षण बढ़ाकर 50 फीसदी करने पर जताया आभार

जलतेदीप, जयपुर। तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती में महिलाओं का आरक्षण बढ़ाकर 50 फीसदी करने के लिए गुरुवार को प्रदेश भर की महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का साफा पहना कर सम्मान किया और महिला सशक्तिकरण को और मजबूत करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री हमेशा से महिलाओं की प्रगति के पक्षधर

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर से महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अहम कदम बढ़ाते हुए हुए तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती में महिलाओं का आरक्षण बढ़ाकर 50 फीसदी किया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रदेश की महिलाओं को और सबल मिलेगा तथा रोजगार में उन्हें ज्यादा अवसर मिलेंगे। हमारे मुख्यमंत्री हमेशा से महिलाओं की प्रगति के पक्षधर रहे हैं। प्रदेश की नारी शक्ति इसके लिए भजनलाल जी का आभार व्यक्त करती है। इस दौरान महिलाओं ने सशक्त नारी, सशक्त समाज, महिलाओं का सम्मान, प्रदेश का बढ़ेगा स्वाभिमान!, महिलाओं को मिला आरक्षण, बनेगी प्रदेश की नई पहचान!, नारी शक्ति, राजस्थान की प्रगति! जैसे नारे भी लगाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सम्मानित करतीं महिलाएं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सम्मानित करतीं महिलाएं।

स्कूल में बच्चों को ममत्व भाव के साथ अच्छी शिक्षा मिलेगी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वहां उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह फैसला लेना हमारे संकल्प पत्र में भी था। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि महिलाशक्ति के आधार पर देश और प्रदेश का विकास करना है। यह फैसला इस लिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश के माध्यमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में महिलाओं की संख्या 65 से 70 फीसदी है। वैसे भी अगर हम देखें तो स्कूलों में जब छोटे-छोटे बच्चे आते हैं तो उन्हें कैसे संभालना है यह हमारी माताएं-बहने अच्छे से जानती हैं। उन छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल में शिक्षक बहनों से मातृभाव, माता की ममत्व और सही दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बुजुर्ग भी कहते थे कि घर में अगर एक शिक्षित महिला होगी तो वह तीन परिवारों को शिक्षित करती है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

हमारे देश में महिलाओं का सम्मान करने की परम्परा रही: भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि आज हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन भी है। माननीय मुर्मू जी महिला शक्ति का सही उदाहरण हैं। वे आदिवासी इलाके से निकलकर देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचीं हैं। हमारे देश में महिलाओं का सम्मान करने की परम्परा रही है। हम शक्ति की देवी के रूप में दुर्गा की आराधना करते हैं, धन की देवी के रूप में लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसी तरह शिक्षा की देवी के रूप में सरस्वती की उपासना करते हैं।

हमने लाड़ो योजना शुरू की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेदं्र मोदी ने देश की 20 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। इतना ही नहीं दस करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर 8 लाख करोड़ रुपए का सरकारी ऋण देने का काम किया है। हमारे संकल्प पत्र में यह वादा था कि हम 450 रुपए में एलपीजी सिलेंडर देंगे और सरकार बनते ही हमने यह वादा पूरा किया। हमारी सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए गरीब परिवार में बच्ची का जन्म होने पर उसके नाम पर एक लाख रुपए जमा कराने के लिए लाड़ो योजना की शुरुआत की है।

यह भी पढ़ें:भजनलाल सरकार: ‘साल आधा’, ‘काम पूरे’