आप की सरकार बनी तो हम आठ करोड़ राजस्थानियों के साथ मिलकर एक ‘नया राजस्थान’ बनाएंगे : अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल
  • राजस्थान में कांग्रेस ने 50 साल और भाजपा ने 18 साल राज किया और दोनों ने मिलकर सिर्फ भ्रष्टाचार किया
  • अरविंद केजरीवाल ने राजस्थान के लोगों को सुनाई एक महान देश के ‘चौथी पास अहंकारी राजा’ की कहानी
  • पंजाब में हमने कानून बनाकर बड़े-बड़े भ्रष्ट मंत्रियों को अंदर कर दिया, लेकिन राजस्थान में भ्रष्ट मंत्री बाहर घूम रहे हैं : भगवंत मान
  • ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राजस्थान के श्रीगंगा नगर में विशाल रैली को किया संबोधित

जयपुर। आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक विशाल रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान मे कांग्रेस ने 50 साल और भाजपा ने 18 साल राज किया और दोनों ने मिलकर सिर्फ भ्रष्टाचार किया। राजस्थान में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो हम आठ करोड़ राजस्थानियों के साथ मिलकर एक ‘नया राजस्थान’ बनाएंगे। हम राजस्थान में अच्छे स्कूल बनवाकर हर बच्चे को अच्छी शिक्षा देंगे और युवाओं को रोजगार देंगे। मैंने दिल्ली में ये करके दिखाया है और पंजाब में भी कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि पिछले 75 साल में इन पार्टियों ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। देश की जनता को अब इनसे उम्मीद खत्म हो गई है। 75 साल बाद आम आदमी पार्टी ने देश के लोगों में दोबारा उम्मीद जगाई है। अगर हमें मौका मिला तो हम दिल्ली और पंजाब की तरह राजस्थान का भी दिल जीतेंगे और यहां के लोग बसुंधरा राजे और अशोक गहलोत को भूल जाएंगे।

दिल्ली और पंजाब के काम की पूरे देश में चर्चा हो रही- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

श्रीगंगानगर के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं एक छोटा सा आम आदमी हूं और पंजाब के सीएम भगवंत मान एक मास्टर के बेटे हैं। हमें राजनीति करनी नहीं आती। हम लोगों को मार-काट करना, गंदगी फैलाना, गाली-गलौज करना, भ्रष्टाचार करना और दूसरों की रैली खराब करना नहीं आता, हमें सिर्फ काम करना आता है और हमारा काम बोलता है। हमने दिल्ली में आठ साल में इतना काम किया कि देश के कोने-कोने में लोग उसकी चर्चा करते हैं। लोग कहते हैं कि केजरीवाल जी ने स्कूल-अस्पताल बड़े अच्छे कर दिए। पंजाब में ‘’आप’’ की सरकार को मात्र सवा साल हुए हैं और उसके काम की पूरे देश में चर्चा होने लगी है। लोग कहते हैं पंजाब में बिजली मुफ्त हो गई, मोहल्ला क्लीनिक बन गए हैं।

आम आदमी पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा करके दिखाती है

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम आपके सामने एक नए राजस्थान का सपना लेकर आए हैं। आपने 50 वर्ष कांग्रेस और 18 वर्ष बीजेपी को दिए, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला? कांग्रेस और बीजेपी वालों ने मिलकर केवल राजस्थान को लूटा है। मैं नए राजस्थान का सपना लेकर आया हूं कि हम 8 करोड़ राजस्थानियों के साथ मिलकर एक नया राजस्थान बनाएंगे। मैं राजस्थान की जनता ‘‘आप’’ को वोट दे, मैं आपके बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का इतंजाम करूंगा। आज तक कांग्रेस और भाजपा ने ये नहीं कहा होगा कि आप मुझे वोट दो, मैं आपके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल का इंतजाम करूंगा।

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी जनता से जो वादा करती है, उसे पूरे भी करके दिखा रही है। ऐसा देश में पहली बार हो रहा है। दिल्ली में हमने सबके लिए शानदार स्कूल बना दिए हैं। अगर राजस्थान के लोग भी ‘‘आप’’ को वोट दें तो मैं हर एक बच्चे के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम करूंगा। हम शानदार स्कूल-कॉलेज बनवाएंगे और उसमें सभी वर्गों के बच्चो को अच्छी शिक्षा मिलेगी और दिल्ली की तरह राजस्थान के बच्चों को भी डॉक्टर, इंजीनियर, वकील बनाऊंगा और बिजनेस करना सिखाऊंगा। राजस्थान में 18.5 लाख बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं, लेकिन यहां कम से कम 50 लाख युवा बेरोजगार होंगे। पांच साल में गहलोत साहब और उससे पहले वसुंधरा राजे ने युवाओं के लिए कुछ काम नहीं किया। मैं दिल्ली में 12 लाख युवाओं के लिए नौकरी का इंतजाम किया है। मुझे नौकरी देनी आती है। पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में ‘‘आप’’ की सरकार ने मात्र एक साल में 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसके अलावा 3 लाख और नौकरियां देने का इंतजाम कर रहे हैं।

हमने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को प्राइवेट से भी अच्छा कर सारा इलाज मुफ्त कर दिया है

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजस्थान में अगर किसी के घर में कोई बीमार हो जाए तो उसका सरकारी अस्पताल में कोई इलाज नहीं होता, क्योंकि यहां डॉक्टर, दवाई व जांच के लिए मशीनें नहीं हैं। प्राइवेट अस्पताल में सारा इलाज होता है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज सुबह मेरे एक रिश्तेदार का फोन आया। वो दिल्ली के बाहर रहते हैं। उनके बेटे के माथे पर चोट लग गई। वो एक बड़े अस्पताल में बच्चे के सिर पर टांके लगवाने गए। मात्र चार टांके लगाने के अस्पताल ने 1.75 लाख रुपए का बिल बना दिया। इससे पता चलता है कि आज इलाज कराना इतना महंगा हो गया है। हमने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में सबका इलाज मुफ्त कर दिया है। अस्पताल में इलाज और टेस्ट भी मुफ्त में होते हैं। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए हैं। दिल्ली के सारे सरकारी अस्पतालों में एयर कंडीशनर लगवा दिए हैं। सरकारी अस्पतालों को प्राइवेट अस्पतालों में भी अच्छा कर दिया है। अब लोगों के लिए 10 रुपए की दवाई से लेकर 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त है।

हम झूठे वादे नहीं करते, हमने दिल्ली में काम करके दिखाया है और पंजाब में कर रहे हैं

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गहलोत साहब ने बीमा शुरू किया है। मगर बीमा तो तब मिलेगा जब कोई अस्पताल में भर्ती होगा। जब किसी को बहुत गंभीर बीमारी होती है, तभी वो अस्पताल में भर्ती होता है। वहीं, रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादातर लोग बुखार, खांसी, शुगर जैसी बीमारियों से जूझते रहते हैं। ऐसे में लोगों के लिए बीमा किस काम आएगा? आम दिनों में आपको बच्चे-बुजुर्ग या परिवार के किसी सदस्य को अस्पताल ले जाना होगा, तो उसमें ये बीमा आपके किसी काम नहीं आएगा। हमने दिल्ली में लोगों को यह बीमा का झुनझुना नहीं दिया, बल्कि सारी स्वास्थ्य सेवाएं ही मुफ्त कर दी। हमारी सरकार बनती है तो हम राजस्थान में जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक और शानदार अस्पताल खोलेंगे। हम झूठे वादे नहीं करते हैं। हमने दिल्ली में काम करके दिखाया है और पंजाब में कर रहे हैं।

गहलोत साहब ने पांच साल कोई काम नहीं किए और अब लोगों को झुनझुना दे रहे हैं

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर किसी की नीयत साफ हो और उसका काम करने का मन हो तो वो समय नहीं देखता है। पांच वर्षों से गहलोत साहब ने कोई काम नहीं किया। अब इन्होंने झुनझुने देने चालू कर दिए हैं। हमारी तो राजस्थान में अभी सरकार भी नहीं बनी है, मगर हमने राजस्थान की जनता के लिए काम करना शुरू कर दिया है। राजस्थान में बुड्ढा नाला से आने वाला पानी अब साफ होकर आएगा। इससे पहले राजस्थान में यहां से गंदा पानी आता था। पंजाब में कांग्रेस, भाजपा और आकाली दल की सरकार भी रही है, मगर किसी ने भी राजस्थान के लोगों की नहीं सुनी। राजस्थान में अभी हमारी सरकार भी नहीं बनी है, लेकिन हमने काम करना शुरू कर दिया है। पंजाब की ‘‘आप’’ सरकार ने ऐलान किया है कि बुड्ढा नाला पर काम शुरू हो गया है और इसके लिए 600 करोड़ रुपए की मंजूदी दे दी है। अगले छह महीने के अंदर राजस्थान में साफ पानी आना शुरू हो जाएगा।

कांग्रेस-भाजपा ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है, अब ‘‘आप’’ ने लोगों को दोबारा उम्मीदें दी है

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजस्थान को भगवान ने सबकुछ दिया है। राजस्थान को कई खनिज पदार्थ, तांबा, जिंग, पत्थर, चूना सबकुछ दिया है, लेकिन इन पार्टियों ने राजस्थान को लूटकर खोखला कर दिया है। अगर हम सभी लोग मिल जाएं तो राजस्थान को बहुत ही संपन्न राज्य बना सकते हैं। पिछले आठ साल के अंदर दिल्ली में हमने बहुत से काम किए। स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी सब ठीक कर दिए। 75 सालों में इन सभी पार्टियों ने मिलकर सिर्फ देश का बेड़ा गर्क किया है।

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

देश पर सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी ने ही राज किया है। आज देश की जो हालत है, उसके लिए ये दोनों पार्टियां ही जिम्मेदार हैं। हमारे देश में गरीबी, पिछड़ापन, लोगों के अनपढ़, सडक़ों और स्कूल-अस्पताल के खराब होने की वजह भाजपा और कांग्रेस ही हैं। अब जब ये दोनों पार्टियां आपके दरवाजे पर वोट मांगने आएं तो उनसे पूछना कि 75 वर्षों में आपने क्या काम किया है। आज लोगों को यह उम्मीद ही खत्म हो चुकी है कि देश का कुछ हो सकता है। जनता को यही लगता है कि राजनीति में सब चोर हैं और राजनीतिक पार्टियों से उनकी उम्मीद खत्म हो गई है। 75 साल के बाद आम आदमी पार्टी एक ऐसी पार्टी आई, जिसने लोगों के अदंर दोबारा एक उम्मीद जगा दी है। गरीबों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनके बच्चों को कोई पढ़ाएगा, मगर आजादी के 75 साल बाद एक ऐसा शख्स आया जिसने गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा देनी चालू की। उस शक्स का नाम मनीष सिसोदिया है। मनीष सिसोदिया ने बच्चों को अच्छी शिक्षा देनी शुरू की तो इन लोगों ने उसे भी नहीं छोड़ा और जेल भेज दिया। वे कहते हैं कि मनीष सिसोदिया ने भ्रष्टाचार किया जबकि वो सुबह 6 बजे उठकर स्कूलों का दौरा करने निकलते थे। ऐसा कौन सा भ्रष्टाचारी होगा जो सुबह 6 बजे स्कूलों का दौरा करने निकलता होगा। यह दोनों पार्टियां नहीं चाहती हैं कि देश के गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, उनका भविष्य बने। इसलिए इन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल भेज दिया, मगर हम रुकने वाले नहीं है। हम भगत सिंह और डॉ बाबा साहब आंबेडकर के चेले हैं। यह चाहे मुझे और भगवंत मान को भी जेल भेज दें, लेकिन यह क्रांति नहीं रुकने वाली है। मेरी जिंदगी का एक ही सपना है मैं भारत को दुनिया का नंबर 1 देश देखना चाहता हूं। इसके लिए मुझे युवाओं और 140 करोड़ लोगों का साथ चाहिए। आप इन पार्टियों को भूल जाओ, हम सब मिलकर भारत को नंबर 1 देश बनाएंगे।

भारत सरकार को अनपढ़ लोग चला रहे हैं, उनको कोई समझ नहीं हैं

“आप” राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं पढ़ा-लिखा हूं, इंजीनियरिंग की डिग्री है और आईआरएस रहा हूं। मेरे पास भारत को नंबर-1 देश बनाने का प्लान है। ये लोग मुझसे इसलिए चिढ़ते हैं क्योंकि ये लोग अनपढ़ हैं। इनकी डिग्री फर्जी है। हम 10 साल में अच्छी शिक्षा देकर देश से गरीबी दूर कर सकते हैं। हम सभी ने बचपन में पढ़ा था कि भारत एक विकासशील देश है। यही बात आज भी कही जाती है। मोदी जी ने कहा है कि 2047 में भारत विकसित देश बन जाएगा। हम उनकी बात कैसे मान लें? जब इनके पास कोई प्लानिंग ही नहीं है। ये लोग झूठ बोल रहे हैं। आज भारत सरकार को अनपढ़ लोग चला रहे हैं। उनको कोई समझ नहीं हैं। 6 साल पहले कह रहे थे कि 2 हजार का नोट लाने से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा और आज कह रहे हैं कि 2 हजार का नोट हटाने से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। नोटबंदी से देश को कोई फायदा नहीं हुआ बल्कि देश 20 साल पीछे चला गया। अगर केंद्र सरकार के अंदर पढ़े-लिखे लोग होते तो कभी नोटबंदी और किसानों के लिए तीन काले कानून नहीं लाते। इसलिए अगली बार जब वोट डालने जाएं तो कम से कम पढ़े-लिखे लोगों को ही वोट करे। फर्जी डिग्री वाले अनपढ़ लोगों को वोट न करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता हमारे ऊपर इसलिए भरोसा करती है क्योंकि हमने काम करते दिखाया है। दिल्ली में हमें पहले 70 में से 66, फिर 62 सीट मिली। वहीं पंजाब में 177 में से 92 सीटें मिली। हमने दिल्ली और पंजाब के लोगों का दिल जीता है। यहां कम से कम 50 वर्षों तक आम आदमी पार्टी को कोई नहीं हिला सकता। राजस्थान की जनता भी एक बार आम आदमी पार्टी को मौका देती है तो हम आपका ऐसा दिल जीतेंगे कि आप 50 वर्षों तक गहलोत साहब और वसुंधरा राजे को भी भूल जाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने सुनाई चौथी पास अहंकारी राजा की कहानी

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनसभा में राजस्थान के लोगों को चौथी पास अहंकारी राजा की कहानी भी सुनाई। उन्होंने कहानी सुनाते हुए कहा कि यह एक महान देश की कहानी है, जो कई हजार साल पुराना देश है। उस देश में एक गांव में एक बहुत गरीब परिवार में एक बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे को देख ज्योतिषी ने उसकी मां से कहा कि तुम्हारा लडक़ा बड़ा होकर बहुत बड़ा सम्राट बनेगा। मां को ज्योतिषी की बातों पर यकीन नहीं हुआ। वो सोचने लगी कि मैं तो बहुत गरीब हूं, मेरा बेटा कैसे सम्राट बनेगा? लेकिन ज्योतिषी ने विश्वास दिलाया कि तुम्हारे बेटे का ग्रह बताता है कि वो बड़ा सम्राट बनेगा। वो लडक़ा धीरे-धीरे बड़ा होने लगा। वो गांव के एक स्कूल में पढऩे जाता था, लेकिन उसका मन पढ़ाई में नहीं लगता था। उसने चौथी कक्षा के बाद स्कूल छोड़ दिया। गांव के पास ही एक रेलवे स्टेशन था। घर का खर्च चलाने के लिए वो लडक़ा उस स्टेशन पर चाय बेचता था। लडक़े को भाषण देने का बड़ा शौक था। वो गांव के लडक़ों को इक_ा कर लेता था और भाषण देता था। धीरे-धीरे आसपास के गांव के लडक़े भी इक_े होने लगे। वो किसी भी मुद्दे पर भाषण देने लगता था। एक बार बोलने लगता था तो बंद ही नहीं होता था। ज्योतिषी ने जैसा कहा था, लडक़ा बड़ा हुआ और एक दिन वो उस महान देश का सम्राट बन गया। पूरे देश में उसका नाम चौथी पास राजा हो गया। लोग उसको चौथी पास राजा कहते थे। उसने पढ़ाई की नहीं थी। इसलिए उसको कुछ जानकारी नहीं थी। अफसर आते और अंग्रेजी में कुछ बोलते, जो राजा को समझ में नहीं आता था। अफसर जो मर्जी उससे दस्तखत करा ले जाते थे। राजा को अफसरों से पूछने में भी शर्म आती थी। उसको लगता कि अगर मैं कुछ पूछूंगा तो इनको पता चल जाएगा कि मैं अनपढ़ हूं। इसलिए वो नहीं पूछता था।

गहलोत साहब ने आम आदमी पार्टी की रैली को फेल करने के लिए कुछ लोगों को काले झंडे के साथ भेजा : भगवंत मान

भगवंत मान
भगवंत मान

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गंगानगर और पंजाब में काफी समानताएं हैं। यहां के किसानों और व्यापारियों की वही मुश्किले हैं, जो सवा साल पहले तक पंजाब में थी। जबकि से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, हमने काफी नियंत्रित कर लिया है। पंजाब में भ्रष्टाचार पर कानून बनाकर बड़े-बड़े मंत्रियों को अंदर कर दिया है, जबकि राजस्थान में भ्रष्ट मंत्री अभी बाहर हैं।

भगवंत मान
भगवंत मान

उन्होंने कहा कि मुझे पता चला था कि श्रीगंगानगर की रैली को असफल करने के लिए अशोक गहलोत ने डिहारी पर काला झंडी वालों को भेजा है, लेकिन उन्हें यह पता होना चाहिए कि आम आदमी पार्टी के लिए काली झंडी घी का काम करती है। पंजाब में अकाली दल हमें काला झंडा दिखाता था और अब वो खुद अपना रंग भूल गया। जनता ने उसे खत्म कर दिया। अरविंद केजरीवाल नामक तूफान को गहलोत साहब इन काले झंडे से नहीं रोक सकते।

यह भी पढ़ें : ये फीचर बरसात और कीचड़ में भी नहीं फिसलने देंगी आपकी बाइक