
मंडावरी में उप जिला चिकित्सालय का शुभारम्भ
लालसोट। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीना ने कहा कि लालसोट विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके शासनकाल में लालसोट में शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत एवं सड़क निर्माण के अनेक कार्य स्वीकृत हुए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने मंडावरी कस्बे में नव क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालय का शुभारम्भ करते हुए यह बात कही। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडावरी कस्बे के आसपास उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए भूमि की व्यवस्था करावें।
उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रूपये की स्वीकृति जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से ही क्षेत्र का सर्वांगींण विकास संभव है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के तीन बार के शासनकाल में लालसोट क्षेत्र का सम्पूर्ण विकास हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में लालसोट में महाविद्यालय, महिला महाविद्यालय, मंडावरी में महिला कॉलेज, रामगढ पचवारा में महिला कॉलेज खोले गए हैं। वहीं, इस बजट में बगडी व कल्लावास में कॉलेज खोलने की घोषणा कर मुख्यमंत्री ने लालसोट की जनता का मन जीत लिया है।
मीना ने बताया कि लालसोट में पंचायत ग्राम पंचायतों व पंचायत समितियों के गठन के साथ ही मंडावरी में नगर पालिका तथा रामगढ़ पचवारा में नगर पालिका खोलने से क्षेत्र का विकास होगा। वहीं, आमजन को समय पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि लालसोट क्षेत्र के विकास के लिए गांव-गांव तक सड़कों का निर्माण करवाया गया है। नगर पालिका बनने से मंडावरी व रामगढ पचवारा में हर घर तक सड़क का निर्माण होगा तथा प्रतिदिन सफाई होगी।
लालसोट विधानसभा क्षेत्र के विकास में धन की कमी को कभी आडे़ नहीं आने दिया जाएगा
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आमजन को अपने निवास के आसपास ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किये जा रहे है। प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उप स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन, बड़ी-बड़ी ग्राम पंचायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा बडे़-बडे़ कस्बों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उप जिला चिकित्सालय खोलकर आमजन को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि लालसोट विधानसभा क्षेत्र के विकास में धन की कमी को कभी आडे़ नहीं आने दिया जाएगा।