
भगवा से नफरत करने वाली सरकार को उखाड़ फेंकना है : सी पी जोशी

जोधपुर । भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित जनआक्रोश महासभा और महाघेराव में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जोधपुर शहर ज़िला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने जोधपुरी साफे से प्रदेश अध्यक्ष का अभिनन्दन किया। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न मेहता ने तलवार भेंट की। देहात अध्यक्ष मनोहर पालीवाल और देहात दक्षिण के अध्यक्ष जगराम विश्नोई ने दुपट्टे से स्वागत किया।

जन आक्रोश सभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांबसरकार को भगवा से नफरत है। जहां भी कोई भगवा पताका फहराता है, उस पर एफआईआर दर्ज होती है। उन्होंने कहा कि वीर धरा के बेटे हैं हम, शौर्य अभी तक चुका नहीं, मुगलों के आगे राणा का भगवा ध्वज कभी झुका नहीं, पूंछ रही है जनता तुमसे सारे राजस्थान की, हिम्मत कैसे हुई तुम्हारी भगवा के अपमान की। तुष्टीकरण वाली सरकार को उखाड़ फेंके।

जोशी ने कहा कि हम तो भगवा से भी प्यार करते हैं, हरे और सफेद रंग से भी प्यार करते हैं, लेकिन आपको भगवा से इतनी नफरत क्यों है? उन्होंने कहा कि नाकारा और निकम्मी सरकार को राजस्थान से उखाड़कर फेंकना है। ऐसा उखाड़ना है कि पचास वर्षों तक ऐसी तुष्टीकरण वाली सरकार वापस नहीं आए।जोशी ने कहा कि आज तक इतनी सरकारें आईं, लेकिन कभी किसी धर्म को नीचे नहीं दिखाया गया, लेकिन यह तुष्टीकरण करने वाली सरकार है। यह भगवा को नीचा दिखाता है। जयपुर में ब्लास्ट करने वाले आतंकियों को इस सरकार ने पैरवी के लिए वकील खड़े नहीं किए, जबकि अपनी कुर्सी बचाने के लिए बडे-बड़े वकील खडे करती है। इस सरकार में सीकर में राम दरबार, अलवर में शिव मंदिर को तोड़ने का काम किया, जबकि मोदी जी की सरकार भव्य राम मंदिर बना रही है। यह अंतर स्पष्ट है।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की। इसमें गहलोत सरकार ने दो साल तक काम नहीं किया। बाद में उसी तर्ज पर चिरंजीवी योजना लाई। इसमें दस लाख रुपए तक की चिकित्सा सहायता दिलाने का वादा किया गया, लेकिन आरटीआई से प्राप्त की गई सूचना से पता चला कि अब तक राज्य में मात्र सत्तर लोगों को यह सहायता मिल पाई है।
सैकड़ों गांव-ढाणियां आज भी बिजली से वंचित

शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र की योजनाओं के काम करने में रुचि नहीं लेती। इसका एक उदाहरण हर घर बिजली योजना भी है। इस योजना के तहत राज्य के हजारों घर आज भी वंचित हैं, जबकि राज्य सरकार ने लिखकर दे दिया कि पूरे घरों में बिजली आ चुकी। बाद में हमें पता चला तो योजना को फिर से शुरू करवाया, लेकिन अफसोस यह है कि तीन बार योजना का विस्तार करवाने के बावजूद राज्य सरकार पूरे घरों को रोशन नहीं कर सकी। आज भी कई घर बिजली की बाट जोह रहे हैं।
देश में सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल राजस्थान में
शेखावत ने कहा कि देश में जब पेट्रोल के दाम बढ़ने लगे तो भाजपा शासित राज्य सरकारों ने अपने यहां वैट कम करके जनता को राहत दी। यही कारण है कि हरियाणा, यूपी और गुजरात की तुलना में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा राजस्थान में है।
बिना पढ़े आरटीएच कानून बनाया*
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार (आरटीएच) कानून को लेकर पिछले दिनों पूरे प्रदेश के डॉक्टर हड़ताल पर थे। जब मैंने यह कानून पढ़ा तो मुझे लगा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिना खुद पढ़े ही यह बिल विधानसभा में रख दिया और यदि पढ़ा है तो उनकी समझ पर तरस आ रहा है।
युवाओं के साथ हो रहा धोखा

शेखावत ने कहा कि राजस्थान के युवाओं के साथ धोखा हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपरों की बंदरबांट हुई। पहले कहते थे पेपर लीक में कोई अधिकारी नहीं है, लेकिन जब सांचोर वाले पेपर चोर को पकड़ा था। उसे छोड़ दिया गया। क्या इसके लिए चांद से फोन आया था। राजस्थान के युवा जानना चाहते हैं कि आपने उस सांचोर वाले पेपर चोर को किसके इशारों और दबावों पर छोड़ा था। युवा रात-रात भर जागकर तैयारी करता है। उसके साथ धोखा है।
भाजपा के जोधपुर ज़िला संगठन प्रभारी पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भ्रष्टाचार से लिप्त और नकारा गहलोत सरकार अपने दिन गिन रही है। गहलोत साहब आपकी गद्दी अब खतरे में है। अभी सोच लो, गद्दी स्वयं छोड़ दो, वरना जनता आपको अपने वोट से घर भेजने का काम करेगी। जोधपुर की जनता ने पिछली बार आपके सुपुत्र को हराया था। इस बार वह आपको भी हराएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संभाग प्रभारी भजनलाल शर्मा ने कहा कि गहलोत साहब देख लीजिए, यह जनता कितनी आक्रोशित है। आपने जिस तरह से जनता को लूटने का काम किया है, जनता पूरा हिसाब आपसे लेने वाली है।
हजारों कार्यकर्ताओं ने की शिरकत
जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर आयोजित जनआक्रोश महासभा और महाघेराव में जोधपुर, फलोदी, बिलाड़ा, लूणी, भोपालगढ़, आसियां क्षेत्र के कार्यकर्ता भारी संख्या में शरीक हुए। जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने जनआक्रोश महासभा में आने वाले हजारों कार्यकर्ताओं को स्वागत किया और कहा कि जो सरकार महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा न दे सके। मुख्यमंत्री का गृहक्षेत्र ही सुरक्षित नहीं है। महाघेराव के जिला संयोजक नाथूसिंह राठौड़ ने कार्यक्रम के उद्देय पर प्रकाश डाला।
कार्यकर्ताओं में रहा गजब का उत्साह
जनआक्रोश महाघेराव के लिए जोधपुर के जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर सभा के लिए टेंट लगाया गया था। जनआक्रोश घेराव को लेकर कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह नजर आया। सिर पर पट्टियां बांधकर कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे।
यूं चले नारे, तख्तियां लहराते दिखे कार्यकर्ता
जनआक्रोश महासभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और महिला मोर्चा कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। चरम पर है बेरोजगारी का वार फिर भी मस्त है गहलोत सरकार, पेपरलीक वाली सरकार, प्रदेश बदहाल जनता बेहाल, तुष्टीकरण का पापाचार बंद करो, जिसने दिया जनता को धोखा नहीं मिलेगा उसको अब मौका, थोथी घोषणाओं की सरकार सहित अनेक सरकार विरोधी तख्तियां लेकर भाजपा कार्यकर्ता सभा में मौजूद रहे।
जोशी का पुष्प वर्षा कर जोरदार अभिनंदन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फलों की वर्षा से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न मेहता,महापौर वनिता सेठ, संभाग संगठन प्रभारी पूर्व शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी, शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, देहात उत्तर के अध्यक्ष मनोहर पालीवाल, देहात दक्षिण के अध्यक्ष जगराम विश्नोई , ज़िला उपाध्यक्ष नरेश सुराणा, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, के के बिशोनी, युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव जैन, अरविन्द बर्रा, सहित अनेक नेताओं ने अगवानी की। जोशी कार्यकर्ताओं के साथ रैली के रूप में एयरपोर्ट से दुपहिया-चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ पांच बत्ती चौराहा, रातानाडा होते हुए सर्किट हाउस पहुंचे। उनका मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान जोधपुर शहर के सभी मण्डलों, मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का अभिंनदन किया।
ये भी पढ़ें जयपुर मेरियट होटल में 19 से 30 अप्रैल तक आयोजित होगा पंजाबी ज़ायक़ा