
प्रियंका के आगमन की तैयारियों का जायजा लिया
निवाई। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के 10 सितम्बर को निवाई आगमन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शुक्रवार देर शाम यहां सडक़ मार्ग से पहुंचे। जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, पुलिस महानिरीक्षक अजमेर लता मनोज व अधिकारियों के साथ सभा स्थल तथा हेलीपेड, डोम, पांडल, सहित तैयारियों का निरीक्षण कर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। हालांकि सीएम यहां पहुंचने में शाम हो गई। सभास्थल पर पहुंचते पहुंचते अंधेरा होने पर मोबाइल की रोशनी में रूट चार्ट देखा। सीएम को रूट चार्ट के बारे में जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने जानकारी दी। इस दौरान निवाई विधायक प्रशांत बैरवा भी मौजूद थे।
ये है प्रियंका का कार्यक्रम
कांग्रेस के जिला चुनाव प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि रविवार को झिलाय रोड स्थित विवेकानंद मॉडल स्कूल में प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना के चयनित महिलाओं को फोन वितरित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। गांव झिलाय में राज्य सरकार की ग्रामीण इंदिरा रसोई का विधिवत शुभारंभ भी करेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार की शाम सवा छह बजे सडक़ मार्ग से निवाई पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभास्थल देखा। मुख्यमंत्री करीब एक घंटे निवाई में रुके। फिर जयपुर रवाना हो गए।
लोगों के लिए दो पाण्डाल की व्यवस्था

प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों के साथ ही पुलिस महकमा भी सुरक्षा को लेकर व्यवस्था को चाक-चौबन्द करने में जुटा हुआ है। राजकीय मॉडल स्कूल निवाई में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा के लिए बड़ा साइज का डोम तैयार किया जा रहा है। जिसमें वीआईपी एरिया भी बनाया गया है। आम जनता के बैठने के लिए दो पाण्डाल की व्यवस्था की गई है।
सडक़ की मरम्मत, हटाए ब्रेकर
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आगमन के चलते जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, पुलिस अधीक्षक राजर्षिराज सहित आला अधिकारी गुरुवार की शाम से ही निवाई में डेरा जमाए हुए हैं। इधर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सडक की मरम्मत की जा रही है। साफ-सफाई कर चमकाया जा रहा है। विभाग ने सडक़ पर हो रहे गड्ढों के पेचवर्क कर दिए है। सडक़ पर बने हुए सभी ब्रेकर हटा दिए हैं।
ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था: वीआईपी पार्किंग निवाई साइड में की गई तथा आम जनता के लिए झिलाय साइड में पार्किंग व्यवस्था की गई है। केरोद के तन में हेलीपेड बनाया गया है। सभा स्थल पर प्रवेश के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए गए है।
यह भी पढ़ें : एमबीएम कॉलेज एलुमनी यूके मीट बना यादगार मिलन समारोह