महिला कृषक प्रशिक्षण शिविर में फड़का कीट नियंत्रण के उपाय बताए

करौली। ग्राम पंचायत लपावली में कृषि विभाग द्वारा महिला किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, सहायक कृषि अधिकारी श्रीराम छावड़ी ने बताया कि खेती किसानी की नवीन तकनीक की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एकदिवसीय महिला किसान प्रशिक्षण शिविर लगाया गया जिसमें महिला किसानों को खेती की नवीन तकनीक के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

जानकारी के मुताबिक शिविर में उपस्थित महिला किसानों को संबोधित करते हुए श्रीराम छावड़ी ने कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र में पुरुषों से ज्यादा भागीदारी निभाती हैं इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विभाग के द्वारा महिला किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से महिला प्रशिक्षण शिविर रखा गया है।

इस दौरान उन्होंने कहा की इस समय खरीफ की फसल में फड़का नामक कीट से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है कीट से बचाव के लिए उन्होंने क्यूनाल फॉस पाउडर का भुरकाव एवं साइपरमैथरीन का स्प्रे करने की सलाह दी, वहीं कृषि पर्यवेक्षक जसवीर सिंह ने महिला किसानों को आगामी रबी की फसल के लिए खेतों की तैयारी करने एवं उपचारित बीज बोने के बारे में विस्तार पूर्वक बताया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि अधिकारियों ने कृषि यंत्रों पर कृषि विभाग द्वारा अनुदान देने की जानकारी दी गई कृषि अधिकारी छावड़ी ने महिला किसानों को बताया कि रोटावेटर एवं बीज डालने वाली मशीन की खरीद पर विभाग के द्वारा 40 फीसदी अनुदान दिया जाता है तथा महिला किसानों को 50 फीसदी अनुदान दिया जाता है।

वही पाइप लाइन डालने पर एक किसान को 15 हजार रुपये का अधिकतम अनुदान दिया जाता है तथा विभागीय मापदंड अनुसार फार्म पॉन्ड बनाने पर 63 हजार रुपए का अनुदान सरकार द्वारा किसानों को दिया जाता है कृषि अधिकारी ने कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की, कार्यक्रम में 2 दर्जन से अधिक महिला किसान शामिल थी। इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी श्रीराम छावड़ी, कृषि पर्यवेक्षक जसवीर सिंह, कृषि पर्यवेक्षक लच्छी राम, कृषि पर्यवेक्षक सत्यनारायण शर्मा आदि ने महिला किसानों को खेती किसानी के संबंध में जानकारी दी गई।

यह भी पढ़ें-पीड़ितों की सेवा के लिए आगे आएं : डॉ. पंड्या