देश में कोरोना के बढ़ते मामले चिंताजनक, बिहार में 6 सितंबर तक बढ़ा लॉकडाउन

बिहार में धार्मिक स्थल और मॉल बंद रहेंगे, शरद पवार के 6 सुरक्षाकर्मी पॉजिटिव

नई दिल्ली। बिहार सरकार ने कोरोना संक्रमण को देखते लॉकडाउन को 6 सितंबर तक बढ़ा दिया है। इस दौरान, नाइट कफ्र्यू लागू रहेगा। धार्मिक स्थल, पार्क और मॉल बंद रहेंगे। राज्य में रविवार को संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया। शुरुआती 10 हजार होने में 102 दिन लगे थे, जबकि, इसके बाद के 90 हजार संक्रमित मिलने में महज 45 दिन ही लगे। यानी 147 दिन में कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के मुंबई स्थित घर पर 6 सुरक्षाकर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये अच्छा है कि कोई भी पवार के संपर्क में नहीं था। उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। मुंबई के सिल्वर ओक में पवार के आवास पर कुल पंद्रह सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। सभी का रैपिड एंटीजन कोरोना टेस्ट हुआ था। फिलहाल उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें-राजस्थान में आज 693 नए कोरोना पॉजिटिव केस

उधर, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 26 लाख 51 हजार 290 हो गया है। इनमें से 19 लाख 20 हजार 265 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। यानी रिकवरी दर 72त्न हो गई है। रविवार को रिकॉर्ड 58 हजार 108 नए मरीज बढ़े।

मध्यप्रदेश : भोपाल जिले में सोमवार दोपहर तक 130 मरीज मिले। राजधानी में गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के एक डॉक्टर और एम्स की छात्रा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। जबकि चार इमली और प्रोफेसर कॉलोनी में भी 2-2 लोग संक्रमित मिले। रविवार को दो संक्रमितों की मौत के साथ मौतों का आंकड़ा 250 पर पहुंच गया। 2 जुलाई को आंकड़ा 100 पर था यानी बीते 45 दिन में 150 मौतें हुईं।

बिहार : राज्य में लॉकडाउन 6 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। पहले 16 अगस्त तक लॉकडाउन था। नई गाइडलाइंस के मुताबिक, इस दौरान व्यावसायिक और निजी संस्थान कुछ पाबंदियों के साथ खुलेंगे। धार्मिक स्थल, मॉल, पार्क, स्कूल, कॉलेज और कोचिंग बंद रहेंगे। रेल और हवाई सेवाएं जारी रहेंगी। केंद्र, राज्य सरकारों के दफ्तरों के साथ निजी कार्यालय में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ काम होगा।

महाराष्ट्र : राज्य में अब तक कुल 31 लाख 62 हजार 740 सैंपल्स की जांच कराई गई है। इनमें 5 लाख 95 हजार 865 पॉजिटिव हैं। इनमें से 3.36 प्रतिशत मरीजों की मौत हो गई। राज्य में 10 लाख 53 हजार 897 लोग होम क्वारैंटाइन में हैं। इसके अलावा 38 हजार 203 लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में रखा गया है।

उत्तरप्रदेश : प्रयागराज में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना अपडेट रिपोर्ट में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव बता दी गई। बाद में पता चला कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव है। रविवार को राज्य में 95,614 सैंपल्स की जांच की गई । अब तक 37 लाख 86 हजार 633 सैंपल की जांच की जा चुकी है।