भारत-चीन के सैनिकों के बीच फिर हुई झड़प, चीन के 20 सैनिक घायल, भारत के चार जवान जख्मी

भारत और चीन के बीच पिछले साल मई की शुरुआत से सीमा पर गतिरोध जारी है। इसी बीच एक बार फिर से भारत और चीन के जवानों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर झड़प की खबर सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, यह झड़प तीन दिन पहले सिक्किम के नाकू ला में हुई जब पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिकों ने यथास्थिति को बदलने की कोशिश की थी। उसके कुछ सैनिकों ने भारतीय क्षेत्र में बढऩे की कोशिश की। सीमा पर तैनात भारतीय सेना के चौकस जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक दिया। अब इसे लेकर भारतीय सेना ने बयान जारी किया है।

भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प को लेकर भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा, यह स्पष्ट किया जाता है कि 20 जनवरी को सिक्किम के नाकू ला में भारतीय सेना और चीन के पीएलए सैनिकों के बीच मामूली झड़प हुई थी। इसे स्थानीय कमांडरों द्वारा स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार हल कर लिया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले नाकू ला में भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हो गई। इसमें भारतीय सेना के चार जवान जबकि चीन के 20 सैनिक घायल हो गए हैं। भारतीय जवानों ने न केवल चीन के मंसूबों पर पानी फेरा बल्कि पीएलए के सैनिकों को भी खदेड़ दिया।

फिलहाल सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन स्थिर है। भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय क्षेत्र के साथ सभी प्वॉइंट पर मौसम की स्थिति खराब होने के बावजूद कड़ी चौकसी बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें-हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी, कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंचा