
केंद्रीय मंत्री ने कहा-पीएम के नेतृत्व में भारत का हो रहा चौतरफा विकास
पीएम के दूरदर्शी दृष्टिकोण का सुफल है बांध सुरक्षा अधिनियम
बांधों की संख्या के मामले में दुनिया में भारत का तीसरा स्थान, सुरक्षा जरूरी
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का चौतरफा विकास हो रहा है। आज भारत अतंरिक्ष समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रगति से दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भारत बांधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 इस दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत बांध सुरक्षा में प्रभावी भूमिका का निर्वाहन करेगा। उक्त बातें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को जयपुर में बांध सुरक्षा पर केंद्रित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में कही।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हजारों वर्षों से मानव सभ्यता के विकास में बांधों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बांध न केवल पीने के पानी, सिंचाई, जलविद्युत आदि की बढ़ती मांगों को पूरा करने में योगदान दे रहे हैं, बल्कि विनाशकारी बाढ़ के प्रबंधन में भी उपयोगी भूमिका निभाते हैं। भारत में बांध निर्माण का गौरवशाली इतिहास रहा है। भारत में करीब दो हजार वर्ष पहले चोल वंश के राजा करिकलन ने कल्लनई (ग्रैंड एनीकट) के रूप में कावेरी नदी पर पहला बांध बनवाया था। यह बांध आज भी काम कर रहा है और दस लाख एकड़ भूमि की सिंचाई में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि, बांधों की संख्या के मामले में 6000 से अधिक बांधों के साथ भारत का दुनिया में तीसरा स्थान है। इन बडे बांधों में से लगभग 80त्न बांध 25 वर्ष से अधिक पुराने हैं और 234 बांध तो शताब्दी पार कर चुके हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

केंद्रीय मंत्री ने भारत में बांध टूटने की घटनाओं का वर्णन करते हुए कहा कि 1979 में माचू बांध टूटने के कारण मोरबी शहर को विस्थापित करना पडा था। उस समय विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट में बांधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सुझाव दिए थे। दुर्भाग्य है कि उन सुझावों पर पूर्व में अमल नहीं किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया और बांध सुरक्षा अधिनियम लागू किया।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कहा कि पहले एक वर्ष में महज कुछ सौ बांधों का निरीक्षण होता था। बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 लागू होने के बाद यह संख्या बढकर 12000 तक पहुंच गई है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने बांध सुरक्षा पर राज्य समिति का गठन किया है और राज्य बांध सुरक्षा संगठन की स्थापना भी कर ली है।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले अमेरिका के नॉक्सविले में टेनेसीवैली अथॉरिटी का दौरा किया। उनके द्वारा बांध सुरक्षा के लिए अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी प्राप्त हुई। बकौल केंद्रीय मंत्री पीएम के नेतृत्व में भारत ने विगत दस सालों में इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। बांध सुरक्षा के क्षेत्र में विषय विशेषज्ञों का समूह बनाने के मकसद से आईआईटी रूडक़ी और आईआईएससी बेंगलुरू में बांध सुरक्षा और बांध इंजीनियरिंग पर मास्टर्स कार्यक्रम भी शुरू किया गया है।
यह भी पढ़ें : कोटा को सौगात नगरीय विकास में भी राजस्थान मॉडल स्टेट : मुख्यमंत्री