भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन 26 नवंबर को नेपाल जाएंगे

रॉ और आर्मी चीफ के बाद अब विदेश सचिव भी नेपाल जाएंगे। नेपाल की तरफ से इस विजिट की पुष्टि कर दी गई है। भारतीय विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रंगला 26 और 27 नवंबर को नेपाल की राजधानी काठमांडू में रहेंगे। इस दौरान वे नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा श्रंगला नेपाल के विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री से भी मिलेंगे। दोनों देशों के बीच डेलिगेशन लेवल बातचीत होने की भी संभावना है।

कुछ दिन पहले भारतीय खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग यानी रॉ के चीफ सामंत कुमार गोयल ने नेपाल की यात्रा की थी। इसके बाद आर्मी चीफ जनरल नरवणे नेपाल गए थे। गोयल की गुप्त काठमांडू यात्रा पर नेपाल के कुछ नेताओं ने सवाल उठाए थे।

नेपाल के की तरफ से जारी बयान में कहा गया- हमारे विदेश सचिव भरत राज पौडेल ने भारतीय विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रंगला को देश आने का न्योता दिया है। वे दो दिन की यात्रा पर यहां आ रहे हैं। यह दोनों देशों के बीच हाई-लेवल बातचीत की कड़ी में अगला कदम है। इससे दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने में मदद मिलेगी। श्रंगला विदेश सचिव बनने के बाद पहली बार नेपाल की यात्रा करेंगे। वे 26 और 27 नवंबर को यहां रहेंगे।