फ्रांस | राजस्थान, भारत के अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार रहीस भारती और उनका प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह DHOAD 15 अगस्त 2025 को फ्रांस के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित Confolens Festival के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देंगे। यह विश्व का सबसे पुराना और सम्मानित लोक संगीत एवं नृत्य महोत्सव है, जो इस वर्ष अपनी 67वीं वर्षगांठ मना रहा है।इस विशेष अवसर पर रहीस भारती फ्रांस के रॉक स्टार Yarol Poupaud के साथ-साथ मेक्सिको और मैसेडोनिया के अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ मंच साझा करेंगे। यह भव्य कार्यक्रम 10,000 से अधिक दर्शकों की उपस्थिति में होगा।
रहीस भारती को गर्व है कि वे भारतीय हैं, और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से प्रेरित होकर वे ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश यूरोप में फैला रहे हैं। फ्रांस के विभिन्न शहरों और प्रमुख मंचों पर वे भारतीय तिरंगे को संगीत, नृत्य और कला के माध्यम से सम्मानपूर्वक पहुँचाएँगे।पिछले छह महीनों से DHOAD यूरोप टूर पर है, जहाँ वे 60 दिनों में 45 कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्हें फ्रांस, पोलैंड, स्वीडन, जर्मनी, बेल्जियम, पुर्तगाल, स्पेन सहित कई देशों के मंत्रालयों, टाउन हॉल्स और प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों से आमंत्रण प्राप्त हुआ है।
2025 में DHOAD अपनी 25वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। इस दौरान उन्होंने 119 देशों में हजारों प्रस्तुतियाँ दी हैं, और राजस्थान के सैकड़ों लोक कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहुँचाकर भारत का नाम रोशन किया है।15 अगस्त को Confolens Festival का मुख्य मंच न केवल भारत की आज़ादी के उत्सव का साक्षी बनेगा, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, लोक कला और एकता का विश्वव्यापी संदेश भी देगा — जो राजस्थान और पूरे भारत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण होगा