राजस्थानी परिवेश में पहुंच रहे हैं राजस्थानी प्रवासी
- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, नारी शक्ति से सम्मानित और सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी, जिज्ञासु वेदांताचार्य स्वामी शिवज्योतिशानंद, प्रचारक एचएसएस यूके चंद्रकांत शर्मा, लोकसभा सांसद वीरेंद्र शर्मा हुए शामिल
- राजस्थान एसोसिएशन यूके के तत्वावधान में सात्विस पाटिदार सेंटर में हो रहा आयोजन
दैनिक जलतेदीप/जयपुर। शहर के सात्विस पाटिदार सेंटर में राजस्थान एसोसिएशन यूके द्वारा आयोजित ‘जीमण’ कार्यक्रम आरंभ हो गया है। बड़ी संख्या में राजस्थानी प्रवासी इसमें भाग ले रहे हैं। राजस्थानी साफा पहले पुरुष और महिलाएं राजस्थानीय परिवेश में यहां पहुंच रही हैं और राजस्थान के व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं। कार्यक्रम में कुछ नामचीन हस्तियां भी इसमें शामिल हुई हैं।
सबसे बड़ा उत्सव होगा
यह जीमण अब तक हुए आयोजनों में सबसे बड़ा और भव्य उत्सव होगा। लोग बेसब्री से इस उत्सव की प्रतीक्षा कर रहे थे। लगभग 100-150 राजस्थानी स्वयंसेवक, जिनमें पुरुष, महिला और बच्चे सब मिलकर इस आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए पिछले कई महीनों से तैयारी में जुटे थे। कई दिन से साज-सज्जा का काम चल रहा था। महिलाओं ने हॉल को मारवाड़ की थीम पर सजाने का काम किया। जीमण के लिए मेन्यू भी तैयार किया गया है। सभी पकवानों की लिस्ट तैयार यहां रखी है। रंगबिरंगे परिधान और साफे भी आगंतुकों के लिए रखे गए हैं।
तैयारियों में जुटे सैंकड़ों महिला-पुरुष
आयोजकों ने बताया कि राजस्थानी जीमण का हिस्सा बनने के लिए यहां सभी लोग आतुर थे। सभी वोलेंटियरस् ने अलग-अलग टीम में बंटकर अपनी जिम्मेदारी ले रखी है। कोई भोजन तो कोई साज-सज्जा का काम देख रहा है। सृष्टि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी ली है। राजस्थान एसोसिएशन यूके सांस्कृतिक सेतु का काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य विदेशों में बसे राजस्थानीयों को एक साथ लाना तथा युवा पीढ़ी को ऐसा परिवार देना है, जहां वे अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को समझ सकें, उन्हें महसूस कर सकें तथा जीमण के माध्यम से उन्हें जी सकें।
राजस्थान एसोसिएशन यूके लगभग दस साल से पूर्ण रूप से नि:स्वार्थ भाव से सेवा कर रही है। यहां पढऩे आए हुए बच्चों के लिए या फिर यहां रह रहे राजस्थानियों के लिए यह एक परिवार बनकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहती है। भारत से आने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों का आदर सत्कार और मान सम्मान में सदैव तत्पर रहने वाली यह संस्था एक कोहिनूर की भांति चमक रही है।
यह भी पढ़ें : लन्दन में 25 को होगा राजस्थानियों का सबसे लोकप्रिय आयोजन ‘जीमण’