EarthQuake: रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका प्रायद्वीप में गुरुवार की रात एक भीषण भूकंप ने हलचल मचा दी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से लगभग 149 किमी दूर और जमीन से करीब 39 किमी की गहराई में था। स्थानीय समयानुसार सुबह 6:58 बजे और भारतीय समयानुसार रात 12:28 बजे झटके महसूस किए गए।
कामचटका की स्थानीय भूकंपीय एजेंसी ने पुष्टि की कि मुख्य झटके के बाद करीब 10 आफ्टरशॉक्स भी आए, जिनकी तीव्रता लगभग 5.0 रही। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने एक टेलीग्राम पोस्ट में जानकारी दी कि सभी आपात सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है और नागरिकों को स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। प्रशासन ने क्षेत्र के सामाजिक ढांचे और रिहायशी इमारतों की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि पेट्रोपावलोव्स्क क्षेत्र में लहरों की ऊंचाई 0.1 मीटर से कम रह सकती है, लेकिन तटीय इलाकों में 1.5 मीटर तक की ऊंचाई वाली लहरें उठ सकती हैं। इससे संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।