
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शुक्रवार को अपने सबसे छोटे रॉकेट एसएसएलवी-डी2 (SSLV-D2) को लॉन्च कर दिया है। इसका पूरा नाम स्मॉल स्टैलाइट लॉन्च व्हीकल है। यह लॉन्चिंग आज सुबह 9:18 बजे हुई। इसरो की तरफ से इसमें अर्थ ऑब्जरवेशन सैटेलाइट EOS-07 भेजा गया है। इस रॉकेट का वजन 156.5 किलोग्राम का है।
यह इसरो का इस साल का पहला मिशन है। इसरो ने बताया कि एलवी डी2 ने तीनों उपग्रहों को उनकी कक्षा में स्थापित कर दिया। साढ़े छह घंटे की उलटी गिनती के बाद 34 मीटर लंबे रॉकेट को यहां सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया। इसरो को छोटे उपग्रह प्रक्षेपण वाहन बाजार में सफलता हासिल करने के लिए इस प्रक्षेपण से काफी उम्मीदें हैं।