
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा पुँछ में हुए आतंकी हमले को स्टंटबाजी करार दिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उसे शर्मनाक करार दिया और कहा कि कांग्रेस आज तक कभी भी सेना के साथ खड़ी नहीं हुई।
यह वही लोग हैं जो हमेशा सेना की काबिलियत पर प्रश्नचिन्ह खड़े करते हैं और हमारे जवानों के पराक्रम के सबूत मांगते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक एयर डोकलाम के समय भी इन्होंने यही किया था। भारतीय सेना के शौर्य का अपमान करना इनकी आदत बन चुका है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। कांग्रेस के नेता तो सेना के हथियारों और साज सामानों में भी दलाली खाते हैं। जीप घोटाला, बोफोर्स घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला इत्यादि इसके कुछ उदाहरण मात्र हैं। आज कांग्रेस कह रही है कि देश से परमाणु हथियारों को समाप्त कर देना चाहिए। आखिर यह इनकी कौन सी सोच है? आखिर कांग्रेस कितनी बार विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाएगी? कांग्रेस बताए कि उसकी क्या मजबूरी है कि चुनाव के समय इतना नीचे गिरना जरूरी है?
फारूख अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी और फारूख अब्दुल्ला जितना मर्जी पाकिस्तान का गुणगान कर लें, लेकिन यह 100% सच है कि आज का भारत आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारता है और एयर स्ट्राइक करता है। यह वही लोग हैं जो कहते थे कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 कोई नहीं हटा सकता, खून की नदियां बह जाएंगी।
लेकिन मोदी जी ने धारा 370 भी हटाया और आज कश्मीर में अमन, चैन और शांति के साथ-साथ विकास हो रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जो पहले कभी कश्मीर नहीं जाते थे, आज वहां छुट्टियां मनाते हैं और एक दूसरे पर बर्फ के गले फेंकते हैं। आज कश्मीर में आतंकी घटनाओं से होने वाली नागरिक और सैन्य मृत्यु दर में क्रमश 81% और 50% तक की कमी आई है।
आज कश्मीर से पत्थरबाजी गायब है, अलगाववाद और आतंकवाद में भारी कमी आई है। आज जम्मू कश्मीर में 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक जा रहे हैं। आज कश्मीर से चंद परिवारों की लूट खत्म हुई है इसलिए उन्हें बुरा लग रहा है। यह एक तरफ कश्मीर में लोकतंत्र को कुचलते थे और दूसरी तरफ से कश्मीरियों को लूटते थे।