जोधपुर दक्षिण से वनीता सेठ और उत्तर से कुंती परिहार जीतीं

जोधपुर। जोधपुर नगर निगम में मेयर का चुनाव ठीक वैसा ही हुआ जैसी उम्मीद की जा रही थी। दोनों ही पार्टियां किसी तरह उलटफेर करने में विफल रही। जोधपुर दक्षिण में जहां वनीता सेठ दस मतों से जीतकर मेयर बन गई, वहीं जोधपुर उत्तर में कुंती परिहार ने भाजपा की संगीता सोलंकी को 42 मतों से हराकर मेयर बनी। ऐसे में कांग्रेस व भाजपा की झोली में मेयर का एक-एक पद गया।

दक्षिण में भाजपा जीती पर एक वोट का झटका

दक्षिण में भाजपा ने दस वोट से जीत दर्ज कर ली लेकिन पार्टी की अंदरुनी राजनीति के चलते एक वोट खिसक गया। भाजपा के कुल 46 पार्षद वोट देने एक साथ पहुंचे थे लेकिन वनीता सेठ को 45 ही वोट मिल सके। एक वोट की क्रास वोटिंग हुई। यहां कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक 35 वोट मिले।

उत्तर में कांग्रेस की बड़ी जीत

जोधपुर उत्तर में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की। यहां कांग्रेस की कुंती परिहार को 61 मत मिले हैं जबकि भाजपा को महज 19 वोट पर ही संतोष करना पड़ा। भाजपा की संगीता सोलंकी 42 वोट से हार गई। यहां भी किसी बड़े उलटफेर की उम्मीद भाजपा नहीं कर रही थी। हालांकि भाजपा नेता सुबह से अप्रत्याशित परिणाम की बातें कर रहे थे।

एक साथ पहुंचे थे भाजपा पार्षद

यहां उत्तर व दक्षिण नगर निगम के लिए भाजपा के सभी पार्षदों ने मतदान कर दिया है। उत्तर में जहां भाजपा के 19 पार्षदों ने मतदान किया है, वहीं दक्षिण में भाजपा के 43 पार्षदों के साथ ही तीन निर्दलीय विधायक भी उनके साथ आये। ऐसे में दक्षिण में भाजपा के पक्ष में 46 मतदान होने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों के अब से कुछ देर में मतदान के लिए पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।