केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिता को नम आंखो से दी अंतिम विदाई, सीएम भजनलाल ने पार्थिव देह पर श्रद्धा-सुमन पुष्प अर्पित किए

जोधपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी के पिता वैष्णव दाऊ लाल वैष्णव का निधन हो गया। बुधवार को मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता की अंतिम यात्रा उनके रातानाडा स्थित निवास से रवाना हुई। नम आंखों से अश्विनी वैष्णव और छोटे भाई आनंद प्रकाश वैष्णव ने अपने पिता के अंतिम दर्शन किए और व्यथित मन से कंधा दिया।

उनकी अंतिम यात्रा कागा शमशान घाट पहुंची। वैष्णव के पिता के अंत्येष्टि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता भी सम्मिलित हुए और सभी ने अश्विनी वैष्णव के पिता को रुंधे गले से कंधा दिया।

सीएम भजनलाल शर्मा ने पार्थिव देह पर श्रद्धा-सुमन पुष्प अर्पित किए व शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। जोधपुर एयरपोर्ट से लेकर मंत्री अश्विनी वैष्णव के निवास तक वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम चाक चौबंद कर रखे थे।

अश्विनी वैष्णव और उनके भाई आनंद वैष्णव ने पिता को मुखाग्नि दी
जोधपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाउलाल वैष्णव का मंगलवार शाम कागा स्थित वैष्णव समाज के श्मशान घाट पर को अंतिम संस्कार कर दिया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उनके भाई आनंद वैष्णव ने पिता को मुखाग्नि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट से सीधे श्मशान घाट पहुंचे। श्मशान घाट पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की ओर से उनके निजी सचिव ने पुष्पचक्र अर्पित किया। महापौर वनिता सेठ, राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर के प्रतिनिधि, सांसद पीपी चौधरी, विधायक अतुल भंसाली, और अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी। अंतिम दर्शन के लिए दोपहर बाद दाऊलाल के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान पर रखा गया, जहां अनेक लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

जोधपुर एम्स में ली अंतिम सांस
इससे पहले मंगलवार दोपहर के करीब जोधपुर एम्स में रेल मंत्री के पिता दाऊलाल वैष्णव ने अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए वहां भर्ती थे। एम्स के अनुसार सुबह 11 बजकर 52 मिनट पर उनका निधन हुआ। निधन की सूचना मिलते ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जोधपुर पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी संभाली।

इन नेताओं ने प्रकट किया शोक
दाऊलाल वैष्णव के निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की।