जोशुआ ने 10 हजार मीटर में 15 साल पुराना रिकॉर्ड 6 सेकंड से तोड़ा

युगांडा के लॉन्ग डिस्टेंस रनर जोशुआ चेपतेगेई अब 10 हजार मीटर के भी वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर हो गए हैं। 24 साल के जोशुआ ने वेलेंसिया में 26 मिनट 11 सेकंड का समय लिया। जोशुआ ने 15 साल पुराना रिकॉर्ड करीब साढ़े 6 सेकंड से तोड़ा। इथोपिया के केनेनिसा बेकेले ने 2005 में 26 मिनट 17.53 सेकंड का समय लिया था।

जोशुआ ने इस साल 4 रेस दौड़ी हैं, जिसमें तीन में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने मोनाको डायमंड लीग में 5 हजार मी और 16 फरवरी को मोनाको रन में 5 किमी के वल्र्ड रिकॉर्ड बनाए थे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में 10 किमी रोड रेस में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया था। जोशुआ ने 1600 मी की दूरी 4.12 मिनट, 3 हजार मी की दूरी 7.52 मिनट और 5 हजार मी दूरी 13.07 मिनट में पूरी की।

वेवलाइट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ

इवेंट में वेवलाइट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ। इसमें ट्रैक पर कलर लाइट लगी हुईं थीं, जिसकी मदद से खिलाडिय़ों को गति की जानकारी दी जा रही थी कि वे किस स्पीड से कितनी दूरी तय कर रहे हैं। पेसर्स मैट रेम्सडेन और निकोलस किमेली ने जोशुआ की मदद की।

लेटसेनबेट गिडे ने 5 हजार मीटर महिला कैटेगरी में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया

इथोपिया की लेटसेनबेट गिडे ने 5 हजार मीटर महिला कैटेगरी में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 14 मिनट 06.62 सेकंड का समय लिया। गिडे 5 हजार मीटर सबसे कम समय में पूरा करने वाली महिला एथलीट बन गई हैं। 22 साल की गिडे ने 2008 में इथोपिया की तिरुनेश दिबाबा द्वारा बनाया 14 मिनट 11.15 सेकंड का रिकॉर्ड तोड़ा। वे 5 हजार मीटर में वल्र्ड रिकॉर्ड बनाने वाली इथोपिया की तीसरी खिलाड़ी हैं।

Advertisement