न्यायपालिका दबाव में, भाजपा खत्म करना चाहती है संविधान, हो जाएगी लोकतंत्र की हत्या : गहलोत

अशोक गहलोत
अशोक गहलोत
  • कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में गहलोत, डोटासरा, जूली और मकवाना ने भाजपा पर साधा निशाना

जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया है भाजपा के लोग संविधान को समाप्त करना चाहते हैं, अगर संविधान समाप्त होगा तो लोकतंत्र की हत्या होगी। देश में लोकतंत्र तब रहेगा, जब संविधान रहेगा। गहलोत शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि देश में उपर से नीचे तक न्यायपालिका दबाव में है। सुप्रीम कोर्ट हो या हाईकोर्ट जहां बस चल रहा है दबाव बना रहे हैं। गहलोत ने कहा कि कार्यपालिका को प्रभावित करने के लिए लेटरल एंट्री से ज्वाइंट सेकेट्री बना रहे हैं। यह वो खतरनाक मूव है, जो यह करना चाहते हैं। इनकम टैक्स, सीबीआई व ईडी तीनों एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं।

ईडी कांग्रेस के लोगों को निशाना बना रही है, जो कांग्रेस छोड़ कर वहां जाता है, उसे वाशिंग से धोकर निकाला जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि अजीत पंवार 70 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोपित है। दो दिन बाद उप मुख्यमंत्री बना देते हैं। गहलोत ने कहा ऐसे ही हालात संसद में हैं। राज्यसभा और लोकसभा में विपक्ष के नेताओं को बोलने नहीं दिया जाता है। मल्लिकार्जुन खडग़े दस बार सांसद बने हैं। उनका माइक बंद कर दिया जाता है। गहलोत ने कहा कि यह सब कुछ उपराष्ट्रपति और लोकसभा स्पीकर के दबाव में कर रहे हैं। उन पर भी दबाव बना हुआ है। बिना दबाव के यह संभव नहीं होता है।

काले झंडे से डरते हैं मुख्यमंत्री

पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री काले झंडे दिखाने से डरते हैं। सीकर में एनएसयूआई के बच्चों ने सीएम को काले झंडे दिखाए। सीएमओ में बैठा पुलिस का अधिकारी मॉनिटरिंग कर रहा है। पुलिस से पूछ रहा है कि उनके साथ क्या सलूक किया गया है। थाने के फोटो सीएमओ में मंगवाए गए। यह कहां का नियम है। मुझे भी कई बार काले झंडे दिखाए, हमने कभी ऐसा नहीं किया।

भाजपा की नीति अंग्रेजों जैसी : डोटासरा

इस दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा, आरएसएस और अंग्रेजों की नीति में कोई अंतर नहीं है। कांग्रेस में सिर्फ इनकी कमियां निकालने से काम नहीं चलेगा। अगर हम सक्रिय नहीं हुए, तो जितनी कठिनाई अंग्रेजों को भागने में आई थी, वैसी यहां होगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष को जनता के बीच जाना होगा। इसके बिना हम भाजपा को नहीं हरा सकते। डोटासरा ने कांग्रेस के पदाधिकारियों से सपष्ट कहा कि उन्हें हर हाल में जनता के बीच जाना होगा।

झूठ बोलते हैं मुख्यमंत्री : जूली

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आज बामनवास में बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति को खंडित किया गया है। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। आरएसएस के लोग संविधान में से धर्म निरपेक्ष और समाजवाद शब्द हटाना चाहते हैं जबकि भाजपा के संविधान में ये शब्द हैं। यह लोग खुद का संविधान नहीं मानते हैं। तो देश के संविधान को कैसे मानेंगे। जूली ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुखिया, मुख्यमंत्री झूठ बोलते हैं। कहते हैं जब वे सरपंच थे, तो नरेगा में बहुत काम करवाए जबकि उस समय नरेगा नहीं थी। जूली ने कहा कि मैं दावा करता हूं कि मुख्यमंत्री ने कई दौरे किए होंगे, लेकिन कहीं भी कोई स्कूल, तहसील की घोषणा नहीं की है।

करना होगा जागरूक : मकवाना

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ऋत्विक मकवाना ने कहा कि आपातकाल क्या होता है इसकी तुलना आज से करके देख लेना चाहिए, स्पष्ट पता चल जाएगा। राजस्थान प्रभारी ने प्रदेशाध्यक्ष को सलाह दी कि नई पीढ़ी को पता चलना चाहिए कि संविधान बचाने की जरूरत क्यों पड़ी। इसके लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को स्कूल-कॉलेज जाकर बताना चाहिए। रैली को विधायक गीता बरवड, कांग्रेस प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, किशनाराम विश्नोई सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष नरेश जोशी, सलीम खान व हीराराम मेघवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।