तिहाड़ जेल में केजरीवाल को किया जा रहा प्रताड़ित: सांसद संजय सिंह

सांसद संजय सिंह
सांसद संजय सिंह

सांसद संजय सिंह का आरोप: जेल प्रशासन भाजपा के दबाव में

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह ने कहा है कि जेल के अंदर अरविंद केजरीवाल को प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका मनोबल तोड़ने का काम किया जा रहा है। न्यूनतम सुविधा जो मिलती है, उसे भी छीना जा रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी की मुलाकात भी जाली के जरिए कराई जा रही है।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की अगुवाई में ऐसा काम हो रहा है जो तिहाड़ जेल के इतिहास में कभी नहीं हुआ होगा। अधिकारी मोहरा हैं, जो उनके आका आदेश देते हैं वही काम करते हैं।

नियमानुसार फेस टू फेस कराई जा सकती है मुलाकात

मुलाकात को लेकर जेल का नियम 602 और 605 ये कहता है कि किसी की भी मुलाकात फेस टू फेस कराई जा सकती है। ये अधिकार जेल प्रशासन को होता है। केजरीवाल की पत्नी व पूरा परिवार चिंतित है, माता-पिता बीमार हैं। जब अरविंद केजरीवाल की पत्नी मुलाकात के लिए आवेदन करती हैं तो उनसे कहा जाता है फेस टू फेस मीटिंग नहीं कर सकते हैं। आपको जंगले यानी जाली से मुलाकात करनी होगी। इसके बीच शीशा होगा। इतना अमानवीय व्यवहार हो रहा है। जबकि खूंखार अपराधियों की मुलाकात भी बैरक के अंदर होती है।

मुझे और  मान को केजरीवाल से नहीं मिलने दिया गया

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मेरी मुलाकात कराई जाने का आवेदन किया गया। इसके बाद हमारे वकील को टोकन नंबर 4152 दे दिया गया। अचानक एक दिन पहले मुलाकात को कैंसिल कर दिया गया। हवाला दिया जाता है कि सुरक्षा कारणों से शार्ट नोटिस पर मुलाकात नहीं कराई जा सकती है।

ये लोग सीएम का मनोबल तोड़ना चाहते हैं

संजय सिंह ने कहा कि इसी जेल में सुब्रतो राय सहारा थे तो उनकी मुलाकात आमने सामने बैठकर होती थी। इंटरनेट फोन की भी सुविधा थी। चंद्रा ब्रदर इसी जेल में बकायदा मीटिंग करते थे। जिससे चाहते थे मुलाकात करते थे। वहां पर अपने कागजात साइन करते थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल से इन्हें इतना डर लगता है कि उनका मनोबल तोड़ने के लिए उन्हें बार बार अपमानित कर रहे हैं। जनता जेल का जवाब वोट से देगी।

यह भी पढ़ें:बोर्नविटा जैसे पदार्थ हेल्थ ड्रिंक्स नहीं