दीव में खेलो इंडिया बीच गेम्स का भव्य आगाज

खेलो इंडिया बीच गेम्स
खेलो इंडिया बीच गेम्स

नई दिल्ली । 12 दिनों तक पटना में आयोजित यूथ गेम्स के सफल समापन के बाद अब खेलो इंडिया का कारवां दीव पहुंच चुका है, जहां सोमवार, 19 मई से घोघला बीच पर पहली बार खेलो इंडिया बीच गेम्स की शुरुआत होने जा रही है। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 1000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

छह खेलों में मिलेंगे मेडल, दो प्रदर्शनी खेल भी शामिल

बीच गेम्स में छह प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में मेडल दांव पर होंगे—बीच सॉकर, बीच वॉलीबॉल, सेपक टकरा, बीच कबड्डी, पेंचक सिलाट और ओपन वॉटर स्वीमिंग। इसके अलावा टग ऑफ वॉर और मल्लखंब को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है।

दीव में लगातार दूसरी बार आयोजन, इस बार खेलो इंडिया के तहत

यह पहली बार है जब बीच गेम्स का आयोजन खेलो इंडिया पहल के तहत किया जा रहा है। पिछले वर्ष दीव प्रशासन द्वारा आयोजित गेम्स में मध्य प्रदेश विजेता बनकर उभरा था। इस बार आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई है क्योंकि यह अब केंद्र सरकार के फ्लैगशिप प्रोग्राम का हिस्सा है।

केंद्रीय खेल मंत्री करेंगे उद्घाटन, नामी खिलाड़ी भी होंगे मौजूद

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव और लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल भी समारोह में भाग लेंगे।