
बाबा विश्वनाथ ने कर दिया इंसाफ
बांदा। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की गुरुवार देर रात बांदा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे बैरक में बेहोश होने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। मुख्तार की मौत के बाद भाजपा के दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय और बेटे पीयूष राय ने शुक्रवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। मुख्तार पर कृष्णानंद राय की हत्या का आरोप लगा था।
मंदिर में कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बेहद खास है। बाबा विश्वनाथ पर पूरा भरोसा था आज बाबा की वजह से न्याय मिला है। कोर्ट से हम लोग हार गए थे। लेकिन बाबा को जो इंसाफ करना था वह उन्होंने कर दिया। विपक्षी दलों के अंसारी की मौत पर सवाल उठाने पर अलका ने कहा कि विपक्षी पार्टियों को तुष्टिकरण की राजनीति करना है। उनको विरोध करने के लिए कोई न कोई मुद्दा चाहिए वो एक अपराधी में अपना मजहब ढूंढ़ रहे हैं। मेरा यह मानना है रमजान के इस महीने में ये फैसला आया है, इसे अल्लाह का न्याय कहिए या बाबा का न्याय।
आज का दिन होली-दिवाली से कम नहीं: पीयूष राय
कृष्णानंद के बेटे पीयूष ने कहा कि आज का दिन उनके लिए खुशी का है और होली-दिवाली से कम नहीं है। इस समय मैं बाबा विश्वनाथ और गोरखनाथ भगवान का बहुत शुक्रिया कहूंगा। उनका बहुत आशीर्वाद है हम लोगों पर। मुख्तार की मौत पर उन्होंने कहा कि कर्म के दायरे से उतरोगे, तो उसकी सजा तुम्हें तड़पने तक नहीं छोड़ेगी। हमें ये आज देखने को मिला है। इसका फैसला भगवान ने किया है। जो जैसा करता है, उसका फल उसे मिलता है।
500 राउंड गोली चलाकर की गई थी सात लोगों की हत्या
गौरतलब है कि वर्ष 2002 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता कृष्णानंद राय ने मोहम्मदाबाद से अफजाल अंसारी को हराया था। 2004 में अफजाल अंसारी ने गाजीपुर से लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 29 जनवरी 2005 को विधायक कृष्णानंद राय समेत सात लोगों पर एके-47 से 500 राउंड गोली चलाकर बसनिया चट्टी के पास नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में मारे गए सात लोगों के शव से 67 गोलियां बरामद की गई थी।