टिकैत के काफिले पर पथराव करने वालों में कुलदीप यादव का नाम प्रमुख, भाजपा नेताओं का करीबी

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के काफिले पर पथराव और उन पर स्याही फेंकने के मामले में पुलिस ने देर रात दो युवकों को और गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक पुलिस 16 युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें मत्स्य विश्विवद्यालय अलवर के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप यादव का नाम प्रमुख है। पुलिस कुलदीप यादव को इस पथराव का मुख्य साजिशकर्ता मान रही है।

वह भाजपा नेताओं का करीबी रहा है। सांसद बालकनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पूनिया को वह अपने यहां कार्यक्रम में बुला चुका है। कुलदीप यादव छात्रसंघ चुनाव 2019 के बाद से ही विवादों में रहा है। शुक्रवार की घटना में पुलिस ने माना है कि पथराव में काफिले की दो कारों के शीशे टूटें हैं।

राकेश टिकैत शुक्रवार को अलवर जिले के हरसोली में सभा को संबोधित करने के बाद बानसूर जा रहे थे। रास्ते में ततारपुर चौराहे पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप सहित अन्य युवक टिकैत की गाड़ी के आगे आ गए। पहले काले झंडे दिखा कर विरोध किया।

टिकैत के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद टिकैत के साथ चल रहे किसान नेताओं ने युवकों को काफिले के सामने से हटने के लिए कहा। इस पर युवकों और किसान नेताओं की झड़प हो गई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान गाड़ी का कांच तोड़ा गया और स्याही भी फेंकी गई है।

यह भी पढ़ें-चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना : 20 हजार लोगों ने जन-आधार कार्ड बनवाने के लिए ई-मित्रों पर आवेदन किया