
दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा मामले में वांछित गैंगस्टर से कार्यकर्ता बने लक्खा सिधाना ने मंगलवार को यहां किसानों की एक रैली को खुलेआम संबोधित किया और दिल्ली पुलिस का सहयोग करने की स्थिति में पंजाब पुलिस को चेतावनी दी।
बठिंडा के मेहराज गांव में राज्य पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया था। यह पूछने पर कि पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया, बठिंडा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जसकरन सिंह ने कहा कि उनका काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक, हम ऐसा नहीं कर सकते थे क्योंकि हमने कोई मामला दर्ज नहीं किया था। पंजाब की कांग्रेस नीत सरकार केन्द्र द्वारा पिछले साल बनाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का समर्थन कर रही है। गैंगस्टर से कार्यकर्ता बने सिधाना ने पिछले सप्ताह जनसभा का आह्वान किया था।

जनसभा को संबोधित करने के बाद सिधाना वहां से चला गया। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पैतृक गांव में आयोजित इस जनसभा स्थल पर पंजाब पुलिस के कर्मी तैनात थे। सभा को संबोधित करते हुए सिधाना ने कहा कि इसका आयोजन केन्द्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करने के लिए किया गया है।