असीम घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया

कोलकाता। राज्य राजनीति के एक पुराने और चर्चित चेहरे असीम घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। असीम घोष पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और अब वे हरियाणा के 19वें राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

असीम घोष ने अपनी नियुक्ति के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह एक बड़ा दायित्व है। यह एक संवैधानिक पद है, और मैं पूरी निष्ठा से संविधान के अनुरूप कार्य करूंगा। मुख्यमंत्री (नयाब सिंह सैनी), उनके मंत्रिमंडल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर हरियाणा के विकास के लिए काम करूंगा। कोशिश करूंगा कि मुख्यमंत्री को सही सुझाव दे सकूं।”

38 वर्षों तक शिक्षण कार्य से जुड़े रहने के बाद असीम घोष ने लगभग 15 वर्षों तक सक्रिय राजनीति में भाग लिया। अब वे पहली बार किसी संवैधानिक पद की जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं।