नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन, जो कि 17 सितंबर को है, के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने की योजना बनाई है। यह अभियान ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसमें कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘नमो पार्क’ और ‘नमो वन‘: पार्टी की योजना के अनुसार, प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 75 शहरों में ‘नमो पार्क’ विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा, ‘नमो वन’ भी 75 जिलों में जिला प्रशासन और वन विभाग की अनुमति से लगाए जाएंगे, जिसके तहत ‘एक मां पेड़ के नाम’ अभियान के तहत पेड़ लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर: 17 से 25 सितंबर तक हर जिले में स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री: इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उन पर बनी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। उनकी चुनिंदा किताबें भी वितरित की जाएंगी।
‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान: स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत, 2 अक्टूबर को गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर खादी और हस्तकरघा निर्मित वस्त्रों की खरीदारी के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
दीनदयाल उपाध्याय जयंती: 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन ‘सेवा पखवाड़ा’, ‘विकसित भारत’, और दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से संबंधित दो गोष्ठियों का भी आयोजन होगा।
दिव्यांगों के लिए उपकरण: देश के हर शहर में दिव्यांगजनों को मुफ्त उपकरण वितरित किए जाएंगे।
दिल्ली में योजनाएं: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, दिल्ली में ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत अस्पतालों और ‘आरोग्य मंदिरों’ का निर्माण, साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़ी 75 अलग-अलग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।