गुवाहाटी पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे एवं राहुल गांधी

Rahul Gandhi
Rahul Gandhi

गुवाहाटी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुवाहाटी पहुंच गए हैं। गुवाहाटी पहुंचने पर दोनों शीर्ष नेताओं का बोरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के साथ ही अन्य नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी में नई जान फूंकने के लिए पहुंचे हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे एवं सांसद राहुल गांधी आज यहां राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक, एपीसीसी पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के दोनों शीर्ष नेताओं की बैठकों के मद्देनजर बड़े स्तर पर तैयारियां की है।

इस कड़ी में मीडिया से बातचीत करते हुए असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा, “संदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि असम में कांग्रेस पार्टी उन सभी लोगों के न्याय के लिए लड़ेगी, जो भय और आतंक के शासन में रह रहे हैं। हम उन सभी लोगों के लिए लड़ेंगे जो वर्तमान में इस भ्रष्ट और क्रूर भाजपा सरकार द्वारा उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।”

बहरहाल, कांग्रेस हलकों में माहौल उत्साहपूर्ण बना हुआ है। नेता और कार्यकर्ता दोनों ही खरगे और राहुल गांधी की इस यात्रा को एक महत्वपूर्ण मोड़ मान रहे हैं, क्योंकि प्रदेश पार्टी संगठन में हाल ही में हुए बदलावों के बाद नेतृत्व में उनका विश्वास फिर से बढ़ा है।