राहुल समेत कई कांग्रेस सांसद हिरासत में

कांग्रेस

महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, पीएम हाउस की तरफ बढ़ रहे

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस ने शुक्रवार को एक बार फिर केन्द्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र की नीतियों के अलावा महंगाई और जीएसटी का जमकर विरोध किया। दिल्ली में पीएम हाउस की ओर बढ़ रहे राहुल गांधी सहित कई बड़े नेताओं को पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस को कई कांग्रेस सांसदों को हिरासत में लेना पड़ा।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने राहुल गांधी को भी हिरासत में लिया है। उधर, प्रियंका भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गई हैं। उधर, प्रदर्शन को देखते हुए अकबर रोड पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने तीन लेयर में जवानों को तैनात किया है। किसी भी कार्यकर्ता अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। इस बीच, केंद्र के खिलाफ विरोध जताने के लिए सोनिया, राहुल समेत कांग्रेस के सभी सांसद सदन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।

राहुल ने कहा- 8 साल में सब बर्बाद हो गया

राहुल समेत कई कांग्रेस सांसद हिरासत में

इससे पहले, सुबह राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेस की। उन्होंने कहा, क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया। दरअसल, कांग्रेस आज देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मीडिया से बात करने के दौरान वह अपने बाजू पर काली पट्टी बांधे थे।

राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेस…

हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी : देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी तब इंफ्रस्टक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं।


लोकतंत्र आठ साल में बर्बाद : लोकतंत्र की जो मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया।


जितना सच्चाई बोलूंगा, उतना हमला : मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वो धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं, क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।

देशभर से आए कार्यकर्ता, बारिश से परेशान हुए

राहुल समेत कई कांग्रेस सांसद हिरासत में

महंगाई का विरोध करने के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी मुख्यालय में ठहरने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बारिश की वजह से सभी व्यवस्थाएं अस्तव्यस्त हो गईं। कार्यकर्ता रातभर खुले में सोए।

अकबर रोड पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात

अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर 300 मीटर की दूरी के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और अर्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है। किसी भी कार्यकर्ता को शुक्रवार को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा।

सांसदों का राष्ट्रपति भवन तक मार्च, पीएम हाउस घेरेंगे

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने प्रदर्शन को लेकर 2 स्तर पर रणनीति तैयार की है। पार्टी के सभी सांसद विजय चौक होते हुए राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। वहीं पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से पीएम हाउस तक जाएंगे। यहां वे पीएम हाउस का घेराव करेंगे।

यह भी पढ़ें :असम में फिर चला बुलडोजर, आतंकी मुस्तफा का मदरसा ढहाया