महिलाओं ने मेहंदी रचाई, झूला झूले, राजस्थानी व्यंजनों का लिया स्वाद
जयपुर। सात समंदर पार लंदन की धरती पर रविवार को लहरिया महोत्सव की धूम रही। राजस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट, यूके की ओर से यहां के हैरो रिक्रियेशन गार्डन में हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया। करीब 4 घंटे चले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानियों से हिस्सा लिया। महिलाएं लहरिया साड़ी और राजस्थानी परिवेश में कार्यक्रम में शामिल हुईं। पुरुष धोती-कुर्ता और लहरियेदार चूनरी का साफा पहने पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं ने झूला झूलने का लुत्फ लिया और राजस्थानी गीत गाए। एक-दूसरे को घेवर खिलाकर मुंह मीठा कराया। महोत्सव के बाद राजस्थानी पकवान परोसे गए। तीज की पूर्व संध्या पर महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई। इस मौके पर हनवंतसिंह राजपुरोहित, सुरजित ढाका, सुरेश, मितेश राजपुरोहित, दीपक शर्मा, अतुल अग्रवाल, रवी चांडक, निर्मल बबरवाल, नीधी बबरवाल, गौरी राजपुरोहित, बिंदू चौधरी, पियूष झंवर, चारुलता राजपुरोहित, अंकिता अग्रवाल, पूजा शर्मा, ललिता राजपुरोहित, निधी चांडक, नेहा झंवर सहित बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी मौजूद रहे। लंदन में मना हरियाली तीज महोत्सव
इंग्लैंड में बनेगा राजस्थान भवन
बाद में यहां हुई बैठक में राजस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट, यूके द्वारा इंग्लैंड में राजस्थान भवन बनाने का निर्णय लिया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारी प्रवासी भारतीय हनुमंत सिंह ने बताया कि यह भवन लगभग 7 करोड़ की लागत से बनेगा। इसमें लंदन आने वाले विद्यार्थियों और राजस्थानी पर्यटकों के लिए अस्थाई रहने की व्यवस्था रहेगी। राजस्थानी समाज के शादी समारोह व अन्य समारोह भी इसमें आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थानी भाषा और संस्कृति के प्रोत्साहन के लिए यहां अलग से विभाग बनेगा। इससे होने वाली आय का 10 प्रतिशत हिस्सा राजस्थान में जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में लगाया जाएगा। उन्होंने इसे मूर्तरूप देने के लिए लंदन में रह रहे भामाशाहों से सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आगामी 20 सितंबर को घूमर-2025 का भव्य आयोजन होगा, जिसमें 2 हजार लोगों के शामिल किए जाने का लक्ष्य रखा है।
यह भी पढ़ें : महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय का पंचम दीक्षान्त समारोह आयोजित