इक्कीसवीं सदी का भारत मजबूत इरादों और शक्ति संपन्न देश : बेढम

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम

डीग। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि देश की सीमाएं हमारे वीर जवानों की बदौलत आज सुरक्षित है, आम नागरिक देश में चैन की नींद ले रहा है। उन्होंने कहा कि शहीदों की सहादत से युवा प्रेरणा ले इसके लिए शहीदों की जन्म और पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किये जायें। गृह राज्य मंत्री गुरुवार को कुम्हेर पंचायत समिति के ग्राम हेलक में शहीद प्रभुसिंह गुर्जर की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत ने दुनिया को बता दिया कि वह 21वीं सदी का मजबूत इरादों और शक्ति संपन्न देश है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हुआ है।

हमारी सीमाओं पर सेना को खुली छूट देकर आतंकवाद के सफाए का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने जब-जब भी भारत पर विदेशी सेना अथवा आतंकवादियों ने हमले का प्रयास किया है उसका मुंह तोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान प्रभुसिंह ने देश की सेवा में प्राण न्यौछावर कर सर्वोच्च बलिदान दिया है इसे कभी बुलाया नहीं जा सकता, युवाओं के लिए वे हमेशा मार्गदर्शन का कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय हमारे देश की सेनाओं ने आतंकवादी घटना का जिस प्रकार से जवाब दिया पूरा विश्व उसको देखता रहा पाकिस्तान के इरादों को नेस्तनाबूत कर कुछ ही समय में उसे घुटनों पर ला दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, उद्यमियों सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। कल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय डीग और भरतपुर जिला विकास के पद पर तेजी से बढ़ रहा है। सड़कों का जाल बिछने से गांव-गांव तक विकास पथ तैयार हो रहा है। चहुंमुखी विकास के लिए सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के साथ नागरिकों की मूलभूत सुविधाएं तेजी से विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राम जलसेतु परियोजना से गांवों में शुद्ध पेयजल के साथ किसानों को सिंचाई का पानी भी उपलब्ध होगा इससे पूर्वी राजस्थान सरसब्ज होगा। उन्होंने कहा कि सरकार शांत और विकसित राजस्थान का संकल्प लेकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हेलक के पास होकर एक्सप्रेस वे प्रस्तावित है, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी शीघ्र शुरू होंगे, इससे यह क्षेत्र अपनी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आव्हान किया कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर योग्य बनायें, देश सेवा के लिए तैयार करें जिससे क्षेत्र का नाम रोशन हो। इससे पूर्व हेलीकॉप्टर से हेलीपैड पहुंचने पर ग्रामीणों ने गृह राज्यमंत्री बेढम, क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर शैलेश दिगंबर सिंह का भव्य स्वागत किया। गृह राज्यमंत्री, विधायक डाॅ. सिंह सहित अतिथियों ने शहीद प्रभुसिंह गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पचक्र अर्पित किये तथा वीरांगना धर्मावती पुत्र अनंत एवं विनय गुर्जर का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉक्टर शैलेश सिंह ने कहा कि शहीद प्रभुसिंह ने देश की सेवा में प्राण न्यौछावर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, उनकी शहादत आने वाले वर्षों में युवाओं को प्रेरणा का कार्य करती रहेगी। उन्होंन कहा कि क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में सेना और अर्द्धसैनिक बलों में सेवाएं दे रहे हैं, युवा ऐसे शहीदों से प्रेरणा लेकर देश सेवा का संकल्प लें। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सड़कों को पक्का करवाने, मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने का भरोसा दिलाया। समारोह में जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, कुम्हेर प्रधान देवी सिंह, सतवीर सिंह चंदीला, महेंद्रसिंह खेड़ला, केशव कमांडो, जगतसिंह, सरपंच गौरव लुधावई, केदार बारां, राजेंद्रसिंह सहित गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा। डॉ. गजेंद्र सिंह, प्रोफेसर योगेंद्र सिंह ने शहीद प्रभुसिंह के जीवन के बारे में बताते हुए गांव हेलक की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

यह भी पढ़ें ; एसआई भर्ती परीक्षा-2021 : महिला कॉन्स्टेबल पेपर लीक मामले में पकड़ी गई