
नई दिल्ली। मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की एक उड़ान में सहयात्री को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करते हुए इंडिगो एयरलाइन ने उसे नो-फ्लाई लिस्ट में डाल दिया है। एयरलाइन ने शनिवार को ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा कि जांच के बाद उस व्यक्ति को अनिश्चितकाल के लिए सभी उड़ानों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एयरलाइन ने कहा कि, “यह घटना पूरी तरह अस्वीकार्य है। हम अपने यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और गरिमा से कोई समझौता नहीं करते।”
इंडिगो ने आगे बताया कि घटना की सूचना सभी नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और आरोपी यात्री को गंतव्य पर पहुंचते ही सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें देखा गया कि एक यात्री ने असम के कछार निवासी हुसैन अहमद मजूमदार को बिना किसी उकसावे के थप्पड़ मार दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, मजूमदार को उड़ान के दौरान घबराहट का दौरा पड़ा था, जिसके चलते क्रू उसे मदद करने की कोशिश कर रहा था। तभी सहयात्री ने उसके साथ मारपीट की।
इंडिगो ने कहा कि वह सभी उड़ानों में यात्रियों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है।