नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण और जनसंवाद का प्रेरणास्रोत बताया है। उन्होंने नई दिल्ली में पार्टी पदाधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम के 124वें संस्करण को सुना और ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की सफलता की कहानी का उल्लेख किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत जन आंदोलन बन गया है, जिससे देश में सामाजिक परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ‘मन की बात’ के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और विकसित भारत में सहयोगी बनें। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत, ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर बात की। उन्होंने शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा और यूनेस्को द्वारा 12 मराठा किलों को विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने का भी जिक्र किया।