मॉस्को/टोक्यो/वॉशिंगटन।
रूस के पूर्वी तटीय इलाके कमचटका प्रायद्वीप में मंगलवार सुबह 8.7 तीव्रता का भीषण भूकंप आया। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इसके बाद पूरे प्रशांत महासागर क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।
यूएस जिओलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप हाल के दशकों का सबसे ताकतवर झटका है। इसका केंद्र कमचटका के तट से सटे समुद्री क्षेत्र में था।
जापान में हाई अलर्ट
जापान सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुनामी एडवाइजरी को चेतावनी में बदल दिया है और तटीय क्षेत्रों में आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया है।
सरकारी प्रवक्ता ने कहा, “लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों की ओर चले जाना चाहिए। यह जीवन रक्षक चेतावनी है।”
अमेरिका में भी खतरे की घंटी
अमेरिका के नेशनल वेदर सर्विस (NWS) ने अलास्का समेत कई प्रशांत तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है। अमेरिका की तटीय एजेंसियां हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और वहां भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशांत क्षेत्र में हाई रिस्क जोन
सुनामी चेतावनी फिलहाल जापान, फिलीपींस, अमेरिका, इंडोनेशिया, और हवाई द्वीप समेत कई देशों के लिए प्रभावी है। इस क्षेत्र में समुद्री लहरों की ऊंचाई खतरनाक रूप से बढ़ सकती है।
? सुनामी लहरें तेज़ गति से यात्रा करती हैं और पहली लहर के बाद और भी ज़्यादा खतरनाक लहरें आ सकती हैं। सभी तटीय नागरिकों से अपील है कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।