हनी सिंह पर एल्बमों में महिलाओं के खिलाफ आपतिजनक भाषा इस्तेमाल का आरोप, नो​टिस जारी

Yo Yo Honey Singh's magic
Yo Yo Honey Singh's magic

नई दिल्ली। पंजाब राज्य महिला आयोग ने हाल ही में पंजाबी गायक यो यो हनी सिंह और करण औजला को उनके एल्बमों में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए तलब किया है। आयोग ने इस मामले का खुद संज्ञान लेते हुए दोनों गायकों को 11 अगस्त को पेश होने के लिए कहा है।

महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने इस संबंध में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को दो पत्र लिखे हैं। इनमें से एक पत्र हनी सिंह के गाने ‘मिलियनेयर’ के लिए और दूसरा करण औजला के गाने ‘एमएफ गबरू’ के लिए है। आयोग का कहना है कि इन गानों में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

राज लाली गिल ने कहा है कि ऐसे गाने समाज के लिए ठीक नहीं हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि गायक समाज की आवाज़ होते हैं, और एक तरफ वे अपनी माँ से प्यार करने की बात करते हैं और दूसरी तरफ़ गानों में महिलाओं के लिए ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

यह पहली बार नहीं है जब हनी सिंह अपने गानों के बोल को लेकर विवादों में घिरे हैं। इससे पहले भी उन पर महिलाओं का अपमान करने के आरोप लगते रहे हैं।