लोकसभा चुनाव: भाजपा ने राजस्थान में इस बार पांच महिलाओं को मैदान में उतारा

20 फीसदी को दिया टिकट

जलतेदीप जयपुर। महिलाओं के लिए संसद में आरक्षण बिल लाने वाली पार्टी भाजपा ने इस लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 25 सीटों में से पांच सीटों पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। यानी 20 फीसदी टिकट महिलाओं को दिया गया है। पिछली बार तीन महिला सांसद बनीं थीं। भाजपा की उम्मीदवारों में जयपुर सीट से मंजू शर्मा, राजसमंद से महिमा विश्वराज मेवाड़, करौली-धौलपुर से इंदू देवी जाटव, गंगानगर से प्रियंका बालान और नागौर सीट से ज्योति मिर्धा हैं। इनमें से महिमा विश्वराज मेवाड़, इंदू देवी जाटव और प्रियंका बालान पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहीं हैं। वहीं मंजू शर्मा पूर्व में विधायक का चुनाव लड़ चुकी हैं। कांग्रेस से भाजपा में आई ज्योति मिर्धा पूर्व में सांसद रह चुकी हैं।

manju sharma

1. मंजू शर्मा : जयपुर शहर

भैंरोसिंह शेखावत सरकार में मंत्री रहे स्व. भंवरलाल शर्मा कीे बेटी। इससे पहले भी वे विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी हैं लेकिन हार गई थीं। पिता के कारण ब्राह्मण वोटों में काफी दबदबा। इससे पहले 2019 के चुनाव में इस सीट पर भाजपा के रामचरण बोहरा सासंद बने थे। इस बार पार्टी ने टिकट बदल महिला चेहरे को उतारा।

mahima viswaraj
mahima viswaraj

2. महिमा विश्वराज मेवाड़: राजसमंद

उदयपुर राजघराने से ताल्लुक रखने वाली महिमा के पति विश्वराज सिंह मेवाड़ का काफी दबदबा। विश्वराज गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव से पहले ही अक्टूबर में भाजपा में शामिल हुए। वर्तमान में वे नाथद्वारा से भाजपा विधायक हैं।

indu devi jatav
indu devi jatav

3. इंदू देवी जाटव: करौली-धौलपुर

पूर्व में पंचायत समिति सदस्य और प्रधान रहीं। पार्टी ने सांसद मनोज राजोरिया का टिकट काटकर महिला चेहरे को उम्मीदवार बनाया।

priyanka balan
priyanka balan

4. प्रियंका बालान : गंगानगर

पांच बार के सांसद निहालचंद का टिकट काटकर पार्टी ने महिला चेहरा उतारा। मेघवाल परिवार की बेटी और पंजाबी परिवार की बहू होने के कारण इलाके में दोनों समुदायों को साधने की कवायद।

jyoti mirdha
jyoti mirdha

5. ज्योति मिर्धा: नागौर

पूर्व में कांग्रेस से सांसद रहीं। जाट बहुल इलाके में मिर्धा परिवार का काफी दबदबा। पार्टी ने लोकसभा चुनाव में उन पर दांव खेला है। परिवार के अन्य सदस्य जो पहले कांग्रेस में थे वे अब भाजपा में आ चुके हैं।