मेलानिया सबसे खूबसूरत महिला, पर मैगजीन के कवर पर नहीं आईं : ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प को नजरअंदाज करने के लिए मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली। ट्रम्प ने कहा- मेलानिया ट्रम्प अमेरिका के इतिहास की सबसे खूबसूरत फर्स्ट लेडी हैं। फिर भी पिछले 4 साल में उन्हें कभी किसी बड़ी मैगजीन ने अपने कवर पेज पर जगह नहीं दी। जबकि, बराक ओबामा के कार्यकाल में उनकी पत्नी मिशेल ओबामा को 8 साल में 12 बड़ी मैगजीन ने कई बार अपने कवर पेज पर प्रकाशित किया था।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा- यह अमेरिकी मीडिया का भेदभाव पूर्ण रवैया है। मेरे कार्यकाल में उन्हें किसी भी मैगजीन ने कवर पेज पर नहीं रखा और न किसी प्रकार का मौका दिया। लेकिन जब उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है, तब मीडिया मेलानिया ट्रम्प को महान बता रहा है।

ट्रम्प के इस आरोप को लेकर कुछ मैगजीन की तरफ से कहा गया कि उनके आरोप बेबुनियाद हैं। हालांकि, ट्रम्प समर्थकों ने ट्रम्प की हां में हां मिलाई। लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा- मेलानिया वाकई बेहद खूबसूरत हैं। लेकिन मीडिया जानबूझकर उन्हें जगह नहीं देता। मीडिया ट्रम्प के बारे में फेक न्यूज फैलाने में माहिर है। ऐसे मीडिया का बायकॉट कर देना चाहिए।

रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रम्प से शादी से पहले मेलानिया एक मॉडल रह चुकी हैं। ट्रम्प से शादी के बाद मेलानिया को क्रिश्चियन डायर वेडिंग ड्रेस में वोग के कवर पेज पर जगह मिली थी। वहीं, 56 साल की मिशेल ओबामा व्हाइट हाउस में अपने कार्यकाल के 8 वर्षों के दौरान 12 कवर पर नजर आईं। जबकि 50 साल की मेलानिया अपने पति के चार साल के कार्यकाल में किसी भी मैगजीन के कवर पर नहीं दिखीं।

उधर, महामारी के बीच राष्ट्रपति ट्रम्प ने फ्लोरिडा में क्रिसमस का दिन गोल्फ खेलकर बिताया। इस दौरान ट्रम्प के करीबी सहयोगी और दक्षिण कैरोलिना के सीनेटर लिंडसे ग्राहम भी मौजूद थे। परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए ट्रम्प पाम बीच के अपने मार-ए-लेगो क्लब में ठहरे हुए हैं।

यह भी पढ़ें-डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा-कोरोना वायरस संकट अंतिम महामारी नहीं होगा, तैयार रहे