मेलानिया ट्रम्प का नजरिया अलग, वे पिछले महीने से व्हाइट हाउस छोड़ने की तैयारी कर रही

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अब तक चुनावी हार कबूल नहीं की है, जबकि प्रेसिडेंट इलेक्ट को सत्ता सौंपने की तैयारियां चल रही हैं। ट्रम्प भले ही व्हाइट हाउस न छोड़ने की जिद पर अड़े हों, लेकिन फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प का नजरिया बिल्कुल उलट है। वे नवंबर मध्य से ही व्हाइट हाउस छोड़कर फ्लोरिडा के मार-ए-लीगो स्थित आलीशान पॉम बीच में शिफ्ट होने की तैयारी कर रही हैं। मेलानिया एक नया ऑफिस भी खोल सकती हैं।

CNN ने मेलानिया के फ्यूचर प्लान पर रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक- सार्वजनिक तौर पर भले ही मेलानिया राष्ट्रपति ट्रम्प की हां में हां, मिलाती दिखी हों। लेकिन, यह सच्चाई नहीं है। नवंबर मध्य में जैसे ही राज्यों की तस्वीर साफ हुई, मेलानिया ने पोस्ट व्हाइट हाउस प्लान पर काम शुरू कर दिया। इसके लिए वे बजट और स्टाफ जैसी अहम बातों पर फोकस कर रही हैं।

CNN से बातचीत में मेलानिया के एक करीबी ने कहा- वे अब अपने घर जाना चाहती हैं। अप्रैल में उन्होंने अपनी भरोसेमंद मार्सिया कैली को स्टाफ में जगह दी थी। कैली कई मामलों में मेलानिया की अहम मददगार हैं। कैली पहले भी व्हाइट हाउस में काम कर चुकी हैं। उन्हें मेलानिया के वेस्ट विंग ऑफिस के बारे में जानकारी है। लिहाजा, वे भविष्य में भी उनकी मदद कर सकती हैं। मेलानिया को 20 हजार डॉलर हर महीने पेंशन भी मिलेगी।